युवाओं की ऊर्जा और रचनात्मकता से बनेगा विकसित भारत व विकसित छत्तीसगढ़: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

‘मेरा युवा भारत’ की उच्च स्तरीय समीक्षा में सीएम ने दिए निर्देश; ग्राम से राज्य स्तर तक बनेगा मजबूत नेटवर्क, बस्तर के युवाओं को मिलेंगे नेतृत्व के नए अवसर
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित ‘मेरा युवा भारत’ (माय भारत) की प्रदेश स्तरीय उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और नवाचार की क्षमता ही विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने युवाओं को उनकी रुचि के अनुसार अवसर देकर राष्ट्र निर्माण से जोड़ने और ‘सशक्त युवा-सशक्त छत्तीसगढ़’ के संकल्प के साथ ग्राम स्तर से राज्य स्तर तक मजबूत युवा नेटवर्क तैयार करने के निर्देश दिए।
बस्तर के युवाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर अब नक्सलवाद के भय को पीछे छोड़कर शांति, विश्वास और विकास की नई राह पर बढ़ रहा है। ऐसे में सुदूर अंचलों के युवाओं को ‘माय भारत’ से जोड़ना अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि बस्तर ओलंपिक और बस्तर पंडुम जैसे आयोजनों ने युवाओं को मंच दिया है, और अब माय भारत के जरिए उन्हें नेतृत्व, कौशल विकास और सेवा के व्यापक अवसर उपलब्ध कराए जाएं ताकि वे राज्य के विकास में सक्रिय भागीदार बन सकें।
छत्तीसगढ़ में 6.60 लाख से अधिक युवा पंजीकृत

बैठक में जानकारी दी गई कि देशभर में 2.65 करोड़ से अधिक और छत्तीसगढ़ में 6.60 लाख से अधिक युवा ‘माय भारत’ प्लेटफॉर्म पर पंजीकृत हो चुके हैं। प्रदेश में 233 ईएलपी (Experiential Learning Programmes) के माध्यम से 2,389 से अधिक युवा प्रशासनिक गतिविधियों से जुड़े हैं, जबकि 5,778 वालंटियर अवसरों के जरिए 23,900 से अधिक युवाओं ने समाज सेवा में भाग लिया है।
‘विकसित छत्तीसगढ़ यंग लीडर्स डायलॉग’ का होगा आयोजन
मुख्यमंत्री ने युवाओं में नेतृत्व क्षमता के विकास हेतु प्रदेश में ‘विकसित छत्तीसगढ़ यंग लीडर्स डायलॉग’ आयोजित करने पर बल दिया। उन्होंने स्वास्थ्य, स्वच्छता, खेल, पर्यावरण, कृषि, तकनीकी शिक्षा और आपदा प्रबंधन जैसे गैर-राजनीतिक सामाजिक क्षेत्रों में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, मुख्य सचिव विकासशील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, सचिव राहुल भगत, खेल सचिव यशवंत कुमार, संचालक तनुजा सलाम, माय भारत की सीईओ डॉ. प्रियंका शुक्ला एवं विशेष सचिव रजत बंसल सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।




