Chhattisgarh

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर भीमा तालाब में होगा जिला स्तरीय आयोजन, प्रभारी मंत्री OP चौधरी होंगे मुख्य अतिथि

21 जून को सुबह 7 बजे सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित होगा, कलेक्टर ने तैयारियों की समीक्षा कर अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारियां

🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को जांजगीर जिला मुख्यालय स्थित भीमा तालाब परिसर में जिला स्तरीय सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। सुबह 7 बजे से 8 बजे तक आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री एवं वित्त मंत्री ओपी चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। आयोजन को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं और विभिन्न विभागों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं।

तैयारियों को लेकर कलेक्टर ने की समीक्षा बैठक

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों और व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय सीमा में व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कार्यक्रम में अधिक से अधिक नागरिकों, विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों, शासकीय कर्मचारियों और सामाजिक संगठनों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

मंच, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष फोकस

बैठक में आयोजन स्थल पर मंच निर्माण, साउंड सिस्टम, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई, पार्किंग, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा संबंधी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को सौंपे गए दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने के निर्देश दिए ताकि कार्यक्रम सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने का उद्देश्य

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का उद्देश्य लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और योग के प्रति जागरूक करना है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि इस वर्ष अधिक से अधिक लोग कार्यक्रम में शामिल होकर योग के महत्व को समझें और इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर ज्ञानेंद्र सिंह, एसडीएम सुब्रत प्रधान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों को कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से 21 जून को भीमा तालाब परिसर पहुंचकर सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में भाग लेने और योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन का संदेश फैलाने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button