ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल में गुरु-शिष्य परंपरा का उत्सव: शिक्षकों के प्रति छात्रों ने जताया आभार, उपहार देकर किया सम्मानित

श्रेष्ठ शिक्षक सम्मान और पदोन्नति पत्र का हुआ वितरण; केक कटिंग और उपहारों के साथ शिक्षकों का जताया गया आभार
जांजगीर-चांपा। 05 सितंबर 2026। ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल, बनारी, जांजगीर में संस्था संचालक आलोक अग्रवाल, डायरेक्टर डॉ. गिरिराज गढ़ेवाल एवं प्राचार्या श्रीमती सोनाली सिंह के निर्देशन में 05 सितंबर 2026 को शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षकों के सम्मान में विशेष समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लेते हुए अपने गुरुजनों के प्रति कृतज्ञता और आदर भाव व्यक्त किया। पूरा विद्यालय परिसर दिनभर उमंग, आत्मीयता और उत्सव के माहौल से सराबोर रहा।
शिक्षकों की वेशभूषा में पहुंचे विद्यार्थी, रैंप वॉक रहा आकर्षण का केंद्र
समारोह की सबसे अनूठी विशेषता यह रही कि कई विद्यार्थी अपने-अपने शिक्षकों की प्रतिकृति (Replica) के रूप में तैयार होकर विद्यालय पहुंचे। विद्यार्थियों ने शिक्षकों की वेशभूषा, बोलने के अंदाज और व्यक्तित्व की विशेषताओं को आत्मसात करते हुए उनकी भूमिका निभाई, जिसे उपस्थित सभी लोगों ने खूब सराहा। इसके अलावा संगीत की धुन पर शिक्षकों और उनके प्रतिरूप बने विद्यार्थियों ने मिलकर रैंप वॉक प्रस्तुत किया, जिसने कार्यक्रम को बेहद मनोरंजक बना दिया। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने शिक्षकों को बैज लगाकर सम्मानित किया और उनके मार्गदर्शन के प्रति आभार जताया।
संस्कार और चरित्र निर्माण में गुरु की भूमिका अहम
समारोह को संबोधित करते हुए डायरेक्टर डॉ. गिरिराज गढ़ेवाल ने कहा कि शिक्षक केवल किताबी ज्ञान नहीं देते, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, संस्कार, अनुशासन और भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। संस्था संचालक श्री आलोक अग्रवाल ने शिक्षकों को समाज निर्माण की आधारशिला बताते हुए उनके समर्पण की सराहना की और शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। प्राचार्या श्रीमती सोनाली सिंह ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को जीवन मूल्यों, अनुशासन, जिम्मेदारी और मानवता का पाठ पढ़ाते हैं।
श्रेष्ठ शिक्षक सम्मान, पदोन्नति पत्र और केक कटिंग
समारोह में सत्र 2025-26 के ‘श्रेष्ठ शिक्षक सम्मान’ से सुमन दुबे, सोनल दुबे एवं गार्गी सिंह को सम्मानित किया गया। वहीं संस्था की वरिष्ठ शिक्षिका श्रीमती मनदीप कौर को स्मृति चिन्ह एवं पदोन्नति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यालय प्रबंधन की ओर से सभी शिक्षकों को विशेष उपहार भेंट किए गए, साथ ही विद्यार्थियों द्वारा शिक्षकों के लिए विशेष नाश्ते की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम के अंतिम चरण में खेल और केक कटिंग के साथ शिक्षक दिवस समारोह का हर्षोल्लासपूर्वक समापन हुआ।





