मारवाड़ी युवा मंच जागृति शाखा ने कराया सामूहिक ऋषि पंचमी उद्यापन, कई जोड़ों ने लिया हिस्सा

होटल ग्रीन पार्क में विधि-विधान से संपन्न हुआ अनुष्ठान, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमर सुल्तानिया रहे उपस्थित
🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। मारवाड़ी युवा मंच जागृति शाखा जांजगीर-चांपा द्वारा अकलतरा रोड स्थित होटल ग्रीन पार्क में सामूहिक ऋषि पंचमी उद्यापन कार्यक्रम का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष (जोन 4) अमर सुल्तानिया की गरिमामयी उपस्थिति तथा प्रदेश अध्यक्ष प्रशांत गांधी व प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष रीना केडिया के निर्देशन में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में कई जोड़ों और उनके परिजनों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
विधि-विधान से हुआ पूजन व हवन
सुबह 9:00 बजे से प्रारंभ हुए इस धार्मिक कार्यक्रम की शुरुआत में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमर सुल्तानिया ने कथा आचार्य गोपाल शर्मा का शाल, श्रीफल एवं पुष्पमाला भेंटकर अभिनंदन किया। इसके पश्चात आचार्य के मार्गदर्शन में ऋषि पंचमी की पूजा, उद्यापन कथा, विधि-विधान से हवन और महाआरती संपन्न कराई गई। शाखा द्वारा श्रद्धालुओं के लिए पूजन सामग्री, भोजन, नाश्ता एवं विशिष्ट आचार्य की संपूर्ण व्यवस्था निःशुल्क व सुचारू रूप से की गई थी।
सामूहिक आयोजनों से मिलता है पुण्य लाभ
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमर सुल्तानिया ने जागृति शाखा के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि विगत दो वर्षों से शाखा द्वारा यह सराहनीय कार्य किया जा रहा है। सामूहिक आयोजनों से उन परिवारों को भी आसानी से उद्यापन का अवसर मिल जाता है, जो व्यक्तिगत रूप से घर पर इसे संपन्न कराने में असमर्थ होते हैं। वहीं शाखा अध्यक्ष पूनम अग्रवाल ने सभी सहभागी श्रद्धालुओं, पदाधिकारियों और अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में धर्म और सेवा की भावना को बल मिलता है।
शाखा के प्रमुख सदस्य रहे मौजूद
इस सफल आयोजन में प्रांतीय निर्देशक सुनीता मोदी, कार्यक्रम संयोजक शिखा अग्रवाल, सचिव अनीता अग्रवाल, कोषाध्यक्ष ममता मोदी, उपाध्यक्ष अंजू अग्रवाल, ज्योति अग्रवाल, मधु शर्मा, शीला अग्रवाल, सुधा झाझड़िया सहित मारवाड़ी युवा मंच जागृति शाखा की अनेक सदस्याएं और श्रद्धालु उपस्थित रहे।




