बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल स्मृति समारोह का शुभारंभ: स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, शहीद परिवारों व प्रतिभाओं का हुआ सम्मान

संविधान निर्माण और आजादी में बैरिस्टर छेदीलाल का योगदान अविस्मरणीय— विधायक ब्यास
🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं संविधान निर्मात्री सभा के सदस्य बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल की पुण्य स्मृति में दो दिवसीय समारोह का शुभारंभ 18 सितंबर 2026 को कचहरी चौक स्थित सी-मार्ट परिसर में हुआ। समारोह के पहले दिन जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और नागरिकों ने बैरिस्टर छेदीलाल की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित कर पुष्पांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी व शहीद परिवारों, बैरिस्टर छेदीलाल के परिजनों सहित मेधावी विद्यार्थियों, खिलाड़ियों व किसानों को सम्मानित किया गया।
आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत: ब्यास कश्यप

जांजगीर-चांपा विधायक ब्यास कश्यप ने कहा कि स्मृति समारोह क्षेत्र के गौरवशाली इतिहास और आजादी के महापुरुषों के त्याग को नमन करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका और पंचायत स्तर पर सेनानियों व शहीदों की प्रतिमाएं स्थापित करने का उद्देश्य नई पीढ़ी को उनके संघर्ष और संविधान निर्माण के मूल्यों से जोड़ना है।
संविधान सभा में क्षेत्र का प्रतिनिधित्व गौरव का विषय: राघवेंद्र कुमार सिंह

अकलतरा विधायक राघवेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि ठाकुर छेदीलाल केवल सेनानी नहीं, बल्कि रणनीतिक मार्गदर्शन देने वाले विचारशील नेता थे। उन्होंने लोक परंपराओं और सामाजिक आयोजनों को स्वतंत्रता आंदोलन से जोड़कर जन-जन में समानता और समरसता की अलख जगाई। देश के भविष्य की नींव रखने वाली संविधान निर्मात्री सभा में उनके योगदान को क्षेत्र हमेशा गर्व से याद रखेगा।
जनहित व न्याय के प्रति समर्पित व्यक्तित्व: नारायण चंदेल
पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि बैरिस्टर छेदीलाल ने आजादी की लड़ाई के साथ-साथ समाज के सभी वर्गों के अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष किया। वे अपने विचारों और आदर्शों के रूप में आज भी जीवित हैं और उनका जीवन नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक है।

गणमान्य नागरिक व अधिकारी रहे उपस्थित
समारोह में बैरिस्टर छेदीलाल के सुपुत्र विजय प्रताप सिंह, सुपुत्री रत्नावली सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष रेखा देवा गढ़ेवाल, उपाध्यक्ष मोहन यादव, पूर्व अध्यक्ष राजेश अग्रवाल, भगवान दास गढ़ेवाल, देवेश सिंह, पुष्पेंद्र प्रताप सिंह, परस शर्मा, रवि सिसोदिया, आशुतोष गोस्वामी, मनीषा गोपाल, कलेक्टर जन्मेजय महोबे, एसपी विजय कुमार पांडेय, जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम सहित पार्षदगण व स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। इस दौरान स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं।






