ChhattisgarhHealthजाँजगीर -चाँपा

टीबी उन्मूलन के लिए ‘जोश’ टीमों का राष्ट्रीय अभियान शुरू: सांसद कमलेश जांगड़े बोलीं- टीबी लाइलाज नहीं, जागरूकता और निरंतर प्रयास से बनेगी बात; मरीजों को बांटी गई फूड किट

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने नई दिल्ली से किया राष्ट्रीय शुभारंभ; जांजगीर जिला पंचायत में हुआ वर्चुअल प्रसारण, टीबी मुक्त पंचायतों के प्रतिनिधि हुए सम्मानित

🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के तहत देश भर में क्षय रोग के खात्मे के लिए ‘जोश’ (ज्वाइंट स्क्वाड फॉर हेल्थ) टीमों के राष्ट्रीय अभियान का औपचारिक आगाज हो गया है। नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने इस महत्वाकांक्षी अभियान का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का सीधा वर्चुअल प्रसारण जांजगीर-चांपा जिला पंचायत के सभाकक्ष में देखा गया, जहां जांजगीर-चांपा लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस अभियान के तहत युवा स्वयंसेवकों, एनसीसी कैडेट्स और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को एकजुट कर विशेष दल गठित किए गए हैं, जो गांव-गांव जाकर टीबी के प्रति जनजागरूकता फैलाने और भ्रांतियों को दूर करने का कार्य करेंगे।

‘टीबी का इलाज पूरी तरह संभव, यह पूरे समाज की साझी जिम्मेदारी’ : सांसद कमलेश जांगड़े

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सांसद कमलेश जांगड़े ने कहा कि टीबी कोई लाइलाज बीमारी नहीं है। समय रहते पहचान, सही जांच और दवाओं का नियमित सेवन करने से मरीज पूरी तरह स्वस्थ हो सकता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि टीबी उन्मूलन केवल स्वास्थ्य विभाग का दायित्व नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। समाज के अंतिम व्यक्ति तक इस बीमारी के लक्षणों और मुफ्त इलाज की जानकारी पहुंचनी चाहिए ताकि कोई भी व्यक्ति जांच कराने में झिझक महसूस न करे। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के तहत चलाई जा रही स्वास्थ्य गतिविधियों की सराहना करते हुए नागरिकों से टीबी मुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

सामूहिक प्रयासों से बनेगा टीबी मुक्त समाज : इंजी. सत्यलता मिरी

जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी ने अपने संबोधन में कहा कि “स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ समाज का निर्माण होता है।” उन्होंने कहा कि टीबी से ग्रसित व्यक्ति को केवल दवा की जरूरत नहीं होती, बल्कि उसे सामाजिक संबल और भावनात्मक सहयोग देना भी हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने इस अभियान को जनआंदोलन का रूप देने का आह्वान किया ताकि हर नागरिक इसके लक्षणों, बचाव और उपचार के प्रति सचेत हो सके। वहीं, जिला पंचायत सदस्य सुश्री आशा साव ने कहा कि ‘जोश’ अभियान समाज में फैली भ्रांतियों और मिथकों को दूर करने का एक सशक्त जरिया बनेगा। उन्होंने युवाओं से आगे आकर स्वस्थ राष्ट्र के निर्माण में योगदान देने को कहा।

मरीजों को फूड किट वितरण और टीबी मुक्त पंचायतों का सम्मान

टीबी मरीजों के तेजी से स्वस्थ होने में पोषण की अहम भूमिका को देखते हुए कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों द्वारा क्षय रोग से पीड़ित मरीजों को पोषण सहयोग के रूप में फूड किट वितरित की गई। इसके साथ ही जिले में उल्लेखनीय कार्य करते हुए अपने ग्रामीण क्षेत्रों को टीबी मुक्त बनाने वाले सजग पंचायत प्रतिनिधियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। उपस्थित अधिकारियों ने इन जनप्रतिनिधियों की सराहना करते हुए उन्हें अन्य पंचायतों के लिए भी प्रेरणास्रोत बताया।

कार्यक्रम में ये रहे प्रमुख रूप से उपस्थित

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य महादेव नेताम, श्रीमती संतोषी रात्रे, जनपद पंचायत बम्हनीडीह की सदस्य श्रीमती अमिता लहरे, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) विनय पोयाम, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. अनीता श्रीवास्तव, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) उत्कर्ष तिवारी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, एनसीसी कैडेट्स और ‘माय भारत’ (MY Bharat) के युवा स्वयंसेवक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button