पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल को कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन का समर्थन, निलंबन आदेश की प्रतियां जलाकर जताया विरोध

चार सूत्रीय मांगों और निलंबन वापसी को लेकर एसडीएम को ज्ञापन; मंगलवार को जिला कलेक्टर से मिलेंगे संघ के पदाधिकारी
🔴 जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ राजस्व पटवारी संघ के प्रांतीय आह्वान पर चार सूत्रीय मांगों को लेकर पिछले 20 दिनों से जारी अनिश्चितकालीन कामबंद हड़ताल को अब कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन का भी खुला समर्थन मिल गया है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन जिला शाखा जांजगीर-चांपा ने आंदोलन को पूर्ण समर्थन देते हुए एकजुटता का ऐलान किया है। इसी कड़ी में केरा रोड स्थित कर्मचारी भवन में फेडरेशन और पटवारी संघ के पदाधिकारियों व सदस्यों ने शासन की दंडात्मक कार्रवाई के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और पटवारियों के निलंबन आदेश की प्रतियां जलाकर आक्रोश दर्ज कराया।
पीवी ऐप की दिक्कतें, वेतन विसंगति और बहाली प्रमुख मांगें
विरोध प्रदर्शन के दौरान आंदोलनरत पटवारियों की चार सूत्रीय मांगों को प्रमुखता से उठाया गया। इनमें मुख्य रूप से शामिल हैं:
- पीवी (पटवारी विलेज) ऐप की तकनीकी एवं व्यावहारिक समस्याओं का तत्काल निराकरण।
- आंदोलन के दौरान पटवारियों के विरुद्ध की गई निलंबन व अन्य दंडात्मक कार्रवाइयों की बिना शर्त वापसी।
- लंबे समय से लंबित वेतन विसंगति का न्यायसंगत समाधान।
- वरिष्ठता के आधार पर पदोन्नति का लाभ प्रदान करना।

कर्मचारी भवन से निकली आक्रोश रैली, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
कर्मचारी भवन में विरोध प्रदर्शन और निलंबन आदेश की प्रतियां जलाने के बाद कर्मचारियों ने शहर में एक विशाल आक्रोश रैली निकाली। नारेबाजी करते हुए कर्मचारियों का यह जत्था अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय पहुंचा, जहां अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) जांजगीर को मांगों के संबंध में ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में निलंबित पटवारियों को तत्काल बहाल करने और चारों मांगों का शीघ्र समाधान करने का आग्रह किया गया।
मंगलवार को जिला कलेक्टर को सौंपा जाएगा संयुक्त ज्ञापन
राजस्व पटवारी संघ के जिलाध्यक्ष धर्मेन्द्र यादव ने बताया कि प्रदेशभर में आंदोलन जारी है और फेडरेशन के जुड़ने से कर्मचारी एकता को नई ताकत मिली है। उन्होंने जानकारी दी कि मंगलवार, 3 नवंबर को दोपहर 12 बजे कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन और राजस्व पटवारी संघ के पदाधिकारी संयुक्त रूप से जिला कलेक्टर से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपेंगे।
कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के जिला संयोजक व्ही.एस. परिहार, जिला महासचिव अर्जुन सिंह क्षत्रिय और जिला सह-संयोजक व्ही.एस. पैगवार ने शासन से मांग की है कि कर्मचारियों की जायज समस्याओं का समाधान निलंबन या दमनकारी कदमों के बजाय सकारात्मक संवाद और न्यायपूर्ण बातचीत के जरिए निकाला जाए।

प्रदर्शन में प्रमुख पदाधिकारी रहे उपस्थित
इस संयुक्त विरोध प्रदर्शन में कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के जिला संयोजक व्ही.एस. परिहार, जिला महासचिव अर्जुन सिंह क्षत्रिय, जिला सह-संयोजक व्ही.एस. पैगवार, फिरत किरण, निधिलता जायसवाल, डॉक्टर रविन्द्र द्विवेदी, रामू भैना, लक्ष्मीनारायण तिवारी सहित विभिन्न कर्मचारी संगठनों के जिलाध्यक्ष, राजस्व पटवारी संघ के जिलाध्यक्ष धर्मेन्द्र यादव और बड़ी संख्या में पटवारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।




