‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ थीम पर मना राज्य स्थापना दिवस: पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक बोले- विकसित भारत के साथ बनेगा विकसित छत्तीसगढ़


हाई स्कूल मैदान में दिखी 26 वर्षों की विकास यात्रा; अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को किया नमन
🔴 जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस की 26वीं वर्षगांठ पर शासकीय हाई स्कूल मैदान में जिला स्तरीय राज्योत्सव का गरिमामय आयोजन किया गया। ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ थीम पर आधारित इस समारोह में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों पर केंद्रित भव्य प्रदर्शनी लगाई गई, जिसका अतिथियों ने अवलोकन किया।
संसाधनों के संकट से उबरकर कृषि व अधोसंरचना में अग्रणी बना छत्तीसगढ़: धरमलाल कौशिक
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि धरमलाल कौशिक ने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी का स्मरण करते हुए कहा कि उनके दृढ़ संकल्प और दूरदर्शी नेतृत्व के कारण ही 1 नवंबर 2000 को छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण हुआ। उन्होंने प्रदेश की जनता को एक अलग पहचान और विकास की नई राह दी।

कौशिक ने कहा कि राज्य निर्माण के शुरुआती दौर में संसाधनों की कमी, खाद्यान्न संकट, बिजली की समस्या और पलायन गंभीर चुनौतियां थीं। आज वही छत्तीसगढ़ कृषि उत्पादन, अधोसंरचना, उद्योग और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति कर चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में प्रदेश में विकास कार्यों को नई गति मिली है। किसानों को ₹3100 प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी का लाभ दिया जा रहा है। महतारी वंदन योजना से महिलाएं सशक्त हो रही हैं और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीबों को पक्के मकान मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 का लक्ष्य तभी हासिल होगा, जब छत्तीसगढ़ और इसके सभी जिले विकास की नई ऊंचाइयों को छुएंगे।
अटल जी ने निभाया वादा, पुरखों का सपना हुआ साकार: नारायण चंदेल

विशिष्ट अतिथि एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की बधाई देते हुए राज्य निर्माण के प्रसंगों को याद किया। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने प्रदेश की जनता से अलग राज्य निर्माण का जो वादा किया था, उसे 1 नवंबर 2000 को पूरा कर पुरखों के सपने को साकार किया। छत्तीसगढ़ की जनता उनके इस उपकार को कभी नहीं भूल सकती। चंदेल ने आगे कहा कि बीते 26 वर्षों में प्रदेश ने विकास के कई नए आयाम स्थापित किए हैं। कृषि प्रधान अर्थव्यवस्था वाले इस जिले में किसानों और ग्रामीणों की मजबूती के लिए सरकार की नीतियां प्रभावी साबित हो रही हैं।
विकास प्रदर्शनी में उमड़ी भीड़, हितग्राहियों को योजनाओं का मिला लाभ
समारोह में पंचायत एवं ग्रामीण विकास, जनसंपर्क, महिला एवं बाल विकास, कृषि, उद्यानिकी, समाज कल्याण, मछली पालन, स्वास्थ्य, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, पुलिस और श्रम विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। अतिथियों ने स्टॉलों का निरीक्षण किया और विभिन्न योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को सामग्री व सहायता राशि वितरित कर लाभान्वित किया।

इस अवसर पर पूर्व सांसद कमला देवी पाटले, पूर्व संसदीय सचिव अंबेश जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी, नगर पालिका अध्यक्ष रेखा देवा गढ़ेवाल, उपाध्यक्ष मोहन यादव, जिला पंचायत उपाध्यक्ष गगन जयपुरिया, कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम, अपर कलेक्टर बीरेन्द्र लकड़ा, स्निग्धा तिवारी, आर.के. तंबोली, प्रमोद गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।




