Chhattisgarhnationalजाँजगीर -चाँपाधर्म भक्ति

दीपोत्सव आज: गोधूलि बेला में महालक्ष्मी और श्रीगणेश की आराधना से बरसेगी सुख-समृद्धि, जानें पूजा विधान

अमावस्या तिथि शुरू होते ही जगमगाएंगे घर-आंगन; गोवर्धन पूजा व भाई दूज की तिथियां भी तय।

🔴 जांजगीर-चांपा। दीपों और खुशियों का महापर्व दीपावली आज श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। शास्त्रों के अनुसार दिवाली पूजन के लिए केवल अमावस्या तिथि ही नहीं, बल्कि शाम का समय यानी गोधूलि और प्रदोष काल विशेष महत्व रखता है। इस वर्ष शाम के समय पूजा का श्रेष्ठ संयोग मिलने के कारण दीपोत्सव का मुख्य पर्व आज ही संपन्न होगा।

अमावस्या तिथि आज सुबह 11:27 बजे से प्रारंभ हो चुकी है, जो कल दोपहर 12:31 बजे तक रहेगी। कल उदयातिथि में सोमवती अमावस्या का संयोग रहेगा। सनातन परंपरा में सुख, समृद्धि और ऐश्वर्य की प्राप्ति के लिए गोधूलि बेला में माता महालक्ष्मी और विघ्नहर्ता भगवान श्रीगणेश की संयुक्त आराधना का विशेष विधान है।

लक्ष्मी-गणेश पूजन का शुभ मुहूर्त और चौघड़िया

दीपावली की संध्या महालक्ष्मी और गणपति पूजन के लिए अत्यंत मंगलकारी मानी जाती है। पंचांग के अनुसार आज लक्ष्मी पूजन का श्रेष्ठ समय शाम 5:54 बजे से 7:50 बजे तक (कुल 1 घंटा 56 मिनट) रहेगा, जो स्थिर लग्न यानी वृषभ काल है।इसके अलावा सायंकालीन प्रदोष काल शाम 5:31 बजे से रात 8:09 बजे तक रहेगा। तंत्र साधना व विशेष अनुष्ठान के लिए निशित काल मध्यरात्रि 11:44 बजे से 12:36 बजे तक रहेगा। मान्यता है कि इस अवधि में शांत और पवित्र वातावरण में की गई आराधना से घर में सुख, शांति और समृद्धि का वास होता है।

बाजारों में उमड़ी भीड़, 10 को गोवर्धन पूजा और 11 को भाई दूज

दिवाली की पूर्व संध्या से ही बाजारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिली। मिट्टी के दीये, मोमबत्तियां, पूजन सामग्री, मिठाइयां और सजावटी सामान खरीदने के लिए दुकानों पर भारी भीड़ जुटी रही। लोगों ने आकर्षक रंगोली और रोशनी से अपने घरों को सजाया है।

पंचपर्व के क्रम में गोवर्धन पूजा मंगलवार, 10 नवंबर को मनाई जाएगी। इस दिन भगवान श्रीकृष्ण द्वारा वृंदावन वासियों की रक्षा के लिए गोवर्धन पर्वत उठाने की स्मृति में अन्नकूट का भोग लगाया जाएगा। वहीं पांच दिवसीय दीपोत्सव का अंतिम पर्व भाई दूज बुधवार, 11 नवंबर को मनेगा, जिसमें बहनें भाइयों को तिलक लगाकर उनकी दीर्घायु की कामना करेंगी। भाई दूज पर तिलक का शुभ समय दोपहर 1:20 बजे से 3:30 बजे के बीच रहेगा।

Related Articles

Back to top button