Chhattisgarhक्राइमजाँजगीर -चाँपा

चांपा के भोजपुर चौक पर कत्ता अड़ाकर लूट करने वाला आरोपी गिरफ्तार: कपड़ा खरीदकर लौट रहे युवक से लूटे थे रुपए, एक आरोपी अब भी फरार

धारदार हथियार दिखाकर दी थी जान से मारने की धमकी; साइकिल का टायर फाड़ा, पुलिस ने आरोपी गौरव साहू को भेजा जेल

जांजगीर चांपा। चांपा शहर के भोजपुर चौक के पास दिनदहाड़े धारदार हथियार (कत्ता) अड़ाकर युवक से मारपीट व नकदी लूटने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न गंभीर धाराओं एवं आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि उसका एक अन्य साथी फिलहाल फरार है जिसकी तलाश जारी है।

कपड़ा खरीदकर लौट रहे युवकों को रोककर अड़ाया कत्ता

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम दगौरी (थाना चकरभाठा, जिला बिलासपुर) निवासी प्रार्थी राजेश मांझी दीपावली पर्व मनाने अपने मामा हीराराम मांझी के घर बेलदारपारा चांपा आया हुआ था। 9 नवंबर को सुबह वह अपने ममेरे भाई लकेश्वर मांझी के साथ साइकिल से कपड़ा खरीदने चांपा बाजार गया था। सुबह करीब 11 बजे जब दोनों कपड़े खरीदकर वापस लौट रहे थे, तभी भोजपुर चौक के पास विनय उर्फ नेपाली अपने साथी गौरव साहू के साथ मोटरसाइकिल से पहुंचा और रास्ता रोक लिया।

जान से मारने की धमकी देकर लूटे ₹400, डायल 112 को देख भागे

आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए प्रार्थी राजेश मांझी के गले पर लोहे का कत्ता अड़ा दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए पैसे की मांग की। डर के मारे प्रार्थी ने अपनी जेब में रखे 400 रुपये आरोपियों को दे दिए। इसके बाद आरोपियों ने धारदार हथियार से साइकिल के सामने का टायर काटकर फाड़ दिया और साइकिल के फ्रेम को भी नुकसान पहुंचाया। इसी बीच डायल 112 की पेट्रोलिंग गाड़ी को आते देख दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

आरोपी गौरव साहू गिरफ्तार, मुख्य आरोपी की तलाश जारी

पीड़ित की रिपोर्ट पर थाना चांपा में अपराध क्रमांक 608/2026, धारा 126(2), 351(2), 296, 309(4), 324(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। चांपा पुलिस ने त्वरित घेराबंदी कर आरोपी गौरव साहू (18 वर्ष), निवासी बेलदारपारा चांपा को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने लूट की घटना में शामिल होना और हिस्से में मिली रकम खर्च करना स्वीकार किया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में फरार आरोपी विनय की पतासाजी की जा रही है।

Related Articles

Back to top button