शराबी बेटे के उत्पात से तंग आकर 71 वर्षीय पिता ने टंगिया से काटकर की हत्या: मुलमुला पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, भेजा जेल

शराब के नशे में गाली-गलौज व विवाद करने से नाराज था पिता; पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी जब्त कर आरोपी को भेजा रिमांड पर
जांजगीर-चांपा। जिले के मुलमुला क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डिघोरा में पारिवारिक विवाद के चलते एक पिता ने अपने ही पुत्र की कुल्हाड़ी (टंगिया) से वार कर निर्मम हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 71 वर्षीय आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त टंगिया बरामद कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
शराब के नशे में विवाद से नाराज था पिता
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम डिघोरा निवासी मृतक रावेन्द्र सिंह मंडावी अत्यधिक शराब पीने का आदी था। वह आए दिन शराब के नशे में धुत होकर घर में गाली-गलौज और विवाद करता था। लगातार हो रहे पारिवारिक कलह और गाली-गलौज से उसका 71 वर्षीय पिता दिलहरण मंडावी बेहद आक्रोशित था। घटना वाली रात भी बेटे द्वारा विवाद किए जाने पर पिता का गुस्सा फूट पड़ा और उसने घर में रखी टंगिया से बेटे पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस टीम
हत्या की सूचना मिलते ही मुलमुला पुलिस तत्काल ग्राम डिघोरा स्थित घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मौके पर जुटाए गए साक्ष्यों, परिस्थितियों और परिजनों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने संदेह के घेरे में आए पिता दिलहरण मंडावी को हिरासत में ले लिया।
जुर्म कबूलने के बाद भेजा गया जेल
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी पिता ने शराब की लत और आए दिन के गाली-गलौज से तंग आकर अपने पुत्र की हत्या करने का जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त टंगिया विधिवत जब्त कर ली है। पुलिस ने संबंधित कानूनी धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल दाखिल करा दिया गया।



