Chhattisgarhजाँजगीर -चाँपापॉलिटिक्स

‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ के नारे संग भाजपा की विशाल पदयात्रा कल, जुटेंगे दिग्गज

शनिवार दोपहर 2 बजे बीडीएम गार्डन अटल चौक से शुरू होकर कचहरी चौक तक जाएगी पदयात्रा; कैबिनेट मंत्री खुशवंत साहेब, सांसद कमलेश जांगड़े व पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल होंगे प्रमुख रूप से शामिल

जांजगीर-चांपा। जिला भारतीय जनता पार्टी जांजगीर-चांपा के तत्वावधान में कल शनिवार, 14 नवंबर को दोपहर 2 बजे ‘अराजकता हटाओ-लोकतंत्र बचाओ’ के नारे के साथ विशाल पदयात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन को लेकर जिला संगठन द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, जिसमें जिले भर से बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों के जुटने की संभावना है।

पदयात्रा में शामिल होंगे प्रदेश व जिले के प्रमुख नेता

जिला भाजपा मीडिया प्रभारी राकेश रूपवानी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस विशाल पदयात्रा में मुख्य रूप से छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री खुशवंत साहेब, जांजगीर-चांपा सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, जिला संगठन प्रभारी रामदेव कुमावत, सह प्रभारी राजेंद्र वैष्णव तथा भाजपा जिलाध्यक्ष अम्बेश जांगड़े सहित जिले के वरिष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल होंगे।

बीडीएम गार्डन से शुरू होकर कचहरी चौक में आमसभा के साथ होगा समापन

संगठन द्वारा निर्धारित रूपरेखा के अनुसार, पदयात्रा का एकत्रीकरण स्थानीय बीडीएम गार्डन, अटल चौक में दोपहर 2 बजे होगा। यहां से पदयात्रा प्रारंभ होकर नेताजी चौक होते हुए कचहरी चौक पहुंचेगी। कचहरी चौक में आयोजित आमसभा के पश्चात पदयात्रा का विधिवत समापन किया जाएगा। कार्यक्रम में शामिल होने वाले पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के वाहनों की सुगम पार्किंग के लिए हाई स्कूल मैदान में व्यवस्था निर्धारित की गई है।

संगठन ने की अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील

भाजपा जिला संगठन ने जिले के समस्त जिला एवं मंडल पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, मोर्चा-प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर पदयात्रा को सफल बनाने की अपील की है। इस कार्यक्रम के माध्यम से लोकतांत्रिक मूल्यों, जनहित और लोकतंत्र की मजबूती का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

Related Articles

Back to top button