जांजगीर के भगत चौक में अखंड राम नाम सप्ताह यज्ञ 22 नवंबर से, निकलेगी कलश यात्रा

65वें वर्ष में प्रवेश कर रहा ऐतिहासिक आयोजन; सौ साल से अधिक पुराने प्राचीन वट वृक्ष के नीचे सात दिन और सात रात गूंजेगी राम नाम की अखंड धुन, 30 नवंबर को हवन व ब्राह्मण भोज के साथ होगा समापन

जांजगीर-चांपा। जिला मुख्यालय की पुरानी बस्ती स्थित नवनिर्मित चबूतरा भगत चौक में सैकड़ों वर्ष पुराने प्राचीन वट वृक्ष के नीचे मोहल्लावासियों द्वारा आगामी 22 नवंबर से 30 नवंबर तक भव्य ‘अखंड राम नाम सप्ताह यज्ञ’ का आयोजन किया जा रहा है। ऐतिहासिक परंपरा को आगे बढ़ाते हुए यह आयोजन इस वर्ष अपने 65वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। सात दिन और सात रात तक लगातार चलने वाले इस धार्मिक अनुष्ठान को लेकर समूचे भगत चौक और पुरानी बस्ती क्षेत्र में उत्साह व भक्तिमय माहौल बना हुआ है।
22 नवंबर को कलश यात्रा से होगा आगाज
आयोजन के प्रथम दिवस 22 नवंबर को भगत चौक पुरानी बस्ती संकीर्तन स्थल से कीर्तन मंडली के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जो भीमा तालाब स्थित भगवती देवी दाई मंदिर तक पहुंचेगी। वहां विधिवत वरुण कलश पूजन के पश्चात कलश यात्रा पुनः संकीर्तन स्थल वापस लौटेगी। इसके बाद यज्ञ प्रारंभ हेतु देव आह्वान, स्थापना पूजा एवं स्वस्तिवाचन के साथ देव मूर्तियों की आकर्षक झांकी स्थापित की जाएगी। इस पूरे अखंड राम नाम सप्ताह यज्ञ का वैदिक पूजन कार्य उपाध्याय परिवार द्वारा संपन्न कराया जाता है।
अंचल भर से पहुंचती हैं कीर्तन मंडलियां
भगत चौक स्थित 100 साल से अधिक प्राचीन वट वृक्ष के नीचे बने चबूतरे पर सात दिन और सात रात अनवरत राम नाम का जाप चलता है। इस पुण्य आयोजन में शामिल होने के लिए जांजगीर-चांपा जिले सहित आसपास के अन्य जिलों के ग्रामीण अंचलों से भी बड़ी संख्या में कीर्तन मंडलियां और श्रद्धालु पहुंचते हैं, जो घंटों यज्ञ स्थल पर बैठकर राम नाम संकीर्तन का रसपान करते हैं।
29 को नगर यात्रा, 30 नवंबर को समापन
यज्ञ की पूर्णाहुति 29 नवंबर को होगी, जिसके पश्चात उसी शाम भव्य नगर यात्रा निकाली जाएगी। इसमें भगवान श्रीकृष्ण और राधा जी की प्रतिमा को पालकी में विराजित कर पूरे नगर का भ्रमण कराया जाएगा। वहीं, अंतिम दिन 30 नवंबर को हवन, सहस्त्रधारा और ब्राह्मण भोज के साथ महायज्ञ का विधिवत समापन होगा।
तैयारियों में जुटे समिति व मोहल्लावासी
इस भव्य धार्मिक आयोजन को सफल बनाने के लिए आयोजन समिति के संस्थापक, संरक्षक, अध्यक्ष, कार्यकारी अध्यक्ष, उपाध्यक्षगण, कोषाध्यक्ष, सचिव, सहसचिव, प्रचार-प्रसार अध्यक्ष, व्यवस्थापकगण, पुजारीगण, मंच संचालन प्रभारी सहित भगत चौक के समस्त मोहल्लावासी जोर-शोर से तैयारियों में जुटे हुए हैं।




