छठ महापर्व पर जांजगीर-चांपा के घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब: व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को दिया अर्घ्य, सोमवार सुबह उगते सूर्य की आराधना के साथ पूरा होगा 36 घंटे का कठिन व्रत


जिला मुख्यालय में निवासरत बिहार व झारखंड के मूल निवासियों ने पारंपरिक गीतों के साथ की सूर्य देव की उपासना
सूप व टोकरी में ठेकुआ, नया गन्ना और मौसमी फल सजाकर नंगे पांव घाट पहुंचे परिजन, परिवार की सुख-समृद्धि की की कामना
जांजगीर-चांपा। लोक आस्था के चार दिवसीय छठ महापर्व के तीसरे दिन रविवार को जिला मुख्यालय स्थित छठ घाट भक्ति और आस्था के रंग में रंगा नजर आया। शहर में बरसों से निवासरत बिहार और झारखंड के मूल निवासियों ने अपने परिवार के साथ घाट पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया। दोपहर बाद से ही छठ व्रती और उनके परिजन सिर पर पूजा सामग्री से सजा सूपा और टोकरी लिए नंगे पांव घाट की ओर बढ़ते दिखाई दिए। शाम 5:17 बजे भगवान सूर्य के अस्त होने की बेला में व्रतियों ने जल में खड़े होकर विधिवत अर्घ्य दिया और परिवार की सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना की।
छठ मैया के पारंपरिक गीतों से भक्तिमय हुआ घाट का वातावरण
महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा कठोर नियमों का पालन करते हुए सूर्य देव की आराधना की जा रही है। चार दिवसीय इस अनुष्ठान के पहले दिन नहाय-खाय और दूसरे दिन खरना की विधि संपन्न हुई थी, जिसके बाद तीसरे दिन रविवार को डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया गया। पूजा के दौरान महिलाओं ने सूप में मौसमी फल, विशेष पारंपरिक पकवान ठेकुआ और नया गन्ना रखकर सूर्य देव की उपासना की। इस दौरान घाट पर गूंजते छठ मैया के पारंपरिक लोकगीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। अर्घ्य देने के साथ ही व्रतियों ने भगवान भास्कर से सोमवार सुबह शीघ्र उदय होने की प्रार्थना भी की।
सुबह से तैयार हुआ ठेकुआ का प्रसाद, सूप में सजाए गए मौसमी फल-सब्जियां
सूर्य देव की उपासना के लिए व्रतियों और परिजनों के घरों में सुबह से ही तैयारियां चलती रहीं। महिलाओं ने पूरी शुद्धता के साथ पारंपरिक पकवान ठेकुआ तैयार किया, वहीं परिजनों ने बाजार से पूजन सामग्री की खरीदारी की। पूजा के सूप और टोकरी में केला, सेब, शकरकंद, फल्ली, नया गन्ना, अनानास, मौसमी, संतरा और सिंघाड़ा जैसे फलों के साथ ही मूली और कुमढ़ा जैसी सब्जियां सजाकर पूजन स्थल तक लाई गईं।
सोमवार सुबह 6:11 बजे उगते सूर्य को अर्घ्य देकर पूरा होगा 36 घंटे का व्रत
छठ महापर्व का समापन सोमवार, 16 नवंबर की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ होगा। इसके लिए मध्यरात्रि के बाद से ही श्रद्धालु और व्रती घाट पर जुटने लगेंगे। सुबह 6:11 बजे उदयीमान सूर्य देव को दूसरा अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही व्रतियों का लगातार 36 घंटे का कठोर निर्जला उपवास पूर्ण होगा। सैकड़ों श्रद्धालु मौसमी फल व पारंपरिक व्यंजनों से सजे सूप लेकर सूर्य उपासना करेंगे और प्रसाद वितरण के साथ महापर्व का समापन किया जाएगा।




