Chhattisgarhजाँजगीर -चाँपा

रेजांगला दिवस पर 18 नवंबर को शहीद स्मारक में श्रद्धांजलि सभा, यादव महासभा करेगा नमन

कचहरी चौक स्थित शहीद स्मारक में शाम 6 बजे मोमबत्ती जलाकर वीर बलिदानियों को अर्पित किए जाएंगे श्रद्धासुमन

1962 के युद्ध में 13वीं कुमाऊं रेजीमेंट के 114 अहीर जवानों के अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को किया जाएगा याद

जांजगीर-चांपा। अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा जिला जांजगीर-चांपा के तत्वावधान में आगामी 18 नवंबर को ‘शौर्य वीर रेजांगला दिवस’ के अवसर पर स्थानीय कचहरी चौक स्थित शहीद स्मारक में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान समाज के पदाधिकारी और सदस्य मोमबत्ती जलाकर 1962 के भारत-चीन युद्ध में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को नमन करेंगे।

मेजर शैतान सिंह के नेतृत्व में 124 जवानों ने दिखाया था अदम्य पराक्रम

कार्यक्रम की जानकारी देते हुए अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के जिला अध्यक्ष गिरधारी यादव ने बताया कि वर्ष 1962 के भारत-चीन युद्ध के दौरान लद्दाख की दुर्गम और ऊंची रेजांगला घाटी में भारत की 13वीं कुमाऊं रेजीमेंट के महज 124 सैनिकों ने चीनी सेना का डटकर मुकाबला किया था। इस भीषण युद्ध में भारतीय जवानों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए चीन के 1300 सैनिकों को मौत के घाट उतार दिया था। मातृभूमि की रक्षा करते हुए इस युद्ध में भारत के 114 अहीर (यादव) वीर जवान शहीद हुए थे। इस टुकड़ी का नेतृत्व परमवीर चक्र (मरणोपरांत) विजेता मेजर शैतान सिंह ने किया था।

देशभर में मनाया जाता है शौर्य दिवस, शाम 6 बजे जुटने की अपील

अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा दिल्ली के आह्वान पर प्रतिवर्ष 18 नवंबर को पूरे देश में इन अमर बलिदानियों की स्मृति में ‘रेजांगला वीर दिवस’ मनाया जाता है। जिला यादव महासभा ने जिले के सभी यादव बंधुओं और समाजजनों से अपील की है कि वे 18 नवंबर को सायं 6:00 बजे अधिक से अधिक संख्या में कचहरी चौक स्थित शहीद स्मारक जांजगीर पहुंचकर श्रद्धांजलि सभा में शामिल हों और वीर शहीदों को नमन करें।

Related Articles

Back to top button