जाँजगीर -चाँपा

जांजगीर-चांपा में 18 से 20 जून तक लगेंगे वृहद पंजीकरण शिविर, जनकल्याणकारी योजनाओं का मिलेगा लाभ

विश्वास के विकास के, जनकल्याण के’ अभियान के तहत जिले के सभी राजस्व अनुविभागों में तीन दिवसीय शिविर, आयुष्मान, पीएम आवास, पीएम सूर्यघर सहित कई योजनाओं के लिए होगा पंजीयन

🔴 आज की बात न्यूज | जांजगीर-चांपा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में संचालित “विश्वास के विकास के, जनकल्याण के” कार्यक्रम के तहत जांजगीर-चांपा जिले में 18 से 20 जून 2026 तक वृहद पंजीकरण शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों का उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना है।

शिविरों में आयुष्मान भारत योजना, आयुष्मान वय वंदना योजना, पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, पीएम स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, पीएम कौशल विकास योजना सहित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा एवं पेंशन योजनाओं के लिए पात्र हितग्राहियों का पंजीयन किया जाएगा। पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने और लाभ दिलाने की प्रक्रिया भी शिविर स्थल पर ही पूरी की जाएगी।

अकलतरा और बलौदा में यहां लगेंगे शिविर

अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अकलतरा के अंतर्गत विकासखंड अकलतरा के मिनीमाता भवन अकलतरा तथा विकासखंड बलौदा के लाल बहादुर शास्त्री ग्लोबल स्कूल बलौदा में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक पंजीकरण शिविर आयोजित किए जाएंगे।

चांपा और बम्हनीडीह क्षेत्र में यह रहेगा केंद्र

अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) चांपा के अंतर्गत विकासखंड बम्हनीडीह के ग्राम पंचायत भवन खपरीडीह तथा तहसील चांपा के नगर पालिका कार्यालय चांपा के सभाकक्ष में प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शिविर आयोजित होंगे, जहां विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे।

शिवरीनारायण और पामगढ़ में भी मिलेगी सुविधा

अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) शिवरीनारायण के अंतर्गत अम्बेडकर भवन, शिवरीनारायण में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक शिविर लगाया जाएगा। वहीं सद्भावना भवन, पामगढ़ में भी तीन दिवसीय पंजीकरण शिविर आयोजित कर हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने की कार्रवाई की जाएगी।

जांजगीर मुख्यालय में भी होगा पंजीकरण

अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) जांजगीर के अंतर्गत एसडीएम कार्यालय जांजगीर के सभाकक्ष में भी शिविर आयोजित किया जाएगा, जहां नागरिक विभिन्न योजनाओं के लिए आवेदन एवं पंजीयन करा सकेंगे।

अधिक से अधिक लोगों से लाभ लेने की अपील

जिला प्रशासन ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि और स्थान पर पहुंचकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए अपना पंजीयन कराएं तथा आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर आएं।

Related Articles

Back to top button