चोरी का सरिया खरीदने वाला आरोपी गिरफ्तार, मुलमुला पुलिस ने बरामद किया चोरी का माल

जेवरा गांव में निर्माण सामग्री चोरी मामले का खुलासा, दो विधि से संघर्षरत बालकों और खरीदार की भूमिका सामने आई।
🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा
जांजगीर-चांपा जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र में सरिया चोरी के मामले का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए चोरी का माल खरीदने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने मामले में शामिल दो विधि से संघर्षरत बालकों की भी पहचान की है तथा चोरी गया सरिया बरामद कर लिया है। मुलमुला थाना क्षेत्र के ग्राम जेवरा निवासी श्याम कुमार बांधी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने अपने घर के सामने निर्माण कार्य के लिए करीब 9 क्विंटल सरिया रखा था। 9 मई 2026 की रात अज्ञात व्यक्ति द्वारा 1 क्विंटल 15 किलो सरिया चोरी कर लिया गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो विधि से संघर्षरत बालकों ने मिलकर सरिया चोरी किया था। पूछताछ में पता चला कि चोरी के बाद सरिया को ग्राम जेवरा निवासी रविशंकर श्रीवास (40 वर्ष) को मात्र 2 हजार रुपये में बेच दिया गया था। प्राप्त रकम को दोनों बालकों ने आपस में बांट लिया था।
चोरी का सरिया और नकदी बरामद
पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने पर आरोपियों ने घटना स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर लगभग 1 क्विंटल 15 किलो सरिया, जिसकी कीमत करीब 6 हजार रुपये बताई गई है, बरामद कर जब्त किया गया। वहीं बालकों के पास बची 300 रुपये की राशि भी गवाहों के समक्ष प्रस्तुत कराई गई। शेष रकम खर्च होना बताया गया।
खरीदार आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल
मामले में चोरी का माल खरीदने वाले आरोपी रविशंकर श्रीवास के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया गया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पूरे मामले के खुलासे में थाना प्रभारी निरीक्षक पारस पटेल के नेतृत्व में सउनि फुलेश्वर सिंह सिदार, प्रमोद कुमार महार, हेमलाल महिलांगे, प्रधान आरक्षक अनिल अजगल्ले, बलबीर सिंह, राजमणी द्विवेदी, आरक्षक ओम प्रकाश डहरिया, राजेश कश्यप, रामगोपाल भारती, मनभावन पटेल एवं देव मरकाम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




