माउंट एवरेस्ट फतह कर लौटीं अमिता श्रीवास की तबीयत बिगड़ी, काठमांडू अस्पताल में भर्ती

समिट के बाद वापसी के दौरान हुई स्वास्थ्य समस्या, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दी जानकारी
जांजगीर-चांपा। अमिता श्रीवास ने विश्व की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट (8848.86 मीटर) को 22 मई 2026 को सफलतापूर्वक फतह कर छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश का नाम रोशन किया है। हालांकि समिट के बाद वापसी के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू कर काठमांडू स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस संबंध में विष्णु देव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि अत्यधिक ऊंचाई, माइनस 40 डिग्री तापमान और ऑक्सीजन की कमी के कारण अमिता श्रीवास की तबीयत खराब हो गई।
काठमांडू के अस्पताल में चल रहा उपचार
मुख्यमंत्री ने बताया कि अमिता श्रीवास को हेलीकॉप्टर के माध्यम से रेस्क्यू कर काठमांडू के Norvic International Hospital में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उन्हें गंभीर फ्रॉस्टबाइट और हाई एल्टीट्यूड से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याएं हैं। उन्होंने कहा कि जानकारी मिलते ही संबंधित उच्च अधिकारियों को समन्वय स्थापित कर आवश्यक सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
युवाओं के लिए प्रेरणा बनीं अमिता
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अमिता श्रीवास के साहस और उपलब्धि की सराहना करते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। उन्होंने कहा कि अमिता का हौसला और संघर्ष प्रदेश के हजारों युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।
अमिता श्रीवास की इस उपलब्धि पर पूरे छत्तीसगढ़ में खुशी और गर्व का माहौल है।




