जाँजगीर -चाँपासुशासन तिहार

जांजगीर: सुशासन तिहार के बीच अचानक ‘कोसला धाम’ पहुंचे सीएम विष्णुदेव साय, माता कौशल्या मंदिर में की पूजा

वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी भी रहे साथ; मुख्यमंत्री ने प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए की प्रार्थना, ग्रामीणों से किया सीधा संवाद

जांजगीर चाम्पा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शनिवार को ‘सुशासन तिहार’ के तहत जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ विकासखंड अंतर्गत ऐतिहासिक धार्मिक स्थल ग्राम कोसला (कोसला धाम) पहुंचे। मुख्यमंत्री ने यहाँ स्थित माता कौशल्या मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने माता कौशल्या और प्रभु श्रीराम के चरणों में शीश नवाकर छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति, सुख, समृद्धि और शांति के लिए मंगल कामना की।


वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी रहे मौजूद
इस औचक धार्मिक प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री के साथ प्रदेश के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। मंदिर परिसर पहुंचने पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, मंदिर सेवा समिति के पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीणों ने दोनों अतिथियों का पारंपरिक और आत्मीय स्वागत किया। मंदिर समिति की ओर से मुख्यमंत्री को स्मृति स्वरूप माता कौशल्या मंदिर का एक आकर्षक छायाचित्र भी भेंट किया गया।


सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण सरकार की प्राथमिकता
मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं और ग्रामीणों से सीधा संवाद करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की गौरवशाली संस्कृति, आस्था और परंपराएं ही हमारी सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि राज्य सरकार भौतिक विकास के साथ-साथ प्रदेश की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण व संवर्धन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इस दिशा में लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री के इस अचानक आगमन से पूरे क्षेत्र के नागरिकों में भारी उत्साह देखा गया।

Related Articles

Back to top button