मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 का असर: एक फोन कॉल पर किसान की समस्या का 24 घंटे में समाधान

खरीफ सीजन के लिए खाद-बीज की चिंता कर रहे किसान की शिकायत पर प्रशासन हुआ सक्रिय, घर पहुंचकर खुलवाया बैंक खाता और बनवाया किसान क्रेडिट कार्ड।
🔴 Aaj Ki Baat News | रायपुर
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन रही है। सरगुजा जिले के ग्राम पंचायत सराईटीकरा निवासी किसान राजनाथ राजवाड़े का मामला इसका उदाहरण बनकर सामने आया है, जहां एक फोन कॉल पर प्रशासन ने महज 24 घंटे के भीतर उनकी समस्या का समाधान कर दिया।
खेत में बैल चराते समय दर्ज कराई शिकायत
आगामी खरीफ फसल के लिए खाद की व्यवस्था को लेकर चिंतित किसान राजनाथ राजवाड़े को खेत में बैल चराने के दौरान मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने अपनी समस्या हेल्पलाइन में दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया और करीब दो घंटे के भीतर कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसान से संपर्क कर पूरी जानकारी ली। इसके बाद अधिकारी सीधे उनके घर पहुंचे और समस्या के समाधान की प्रक्रिया शुरू की।
घर पहुंचकर खुलवाया बैंक खाता
जांच के दौरान अधिकारियों ने पाया कि शासकीय व्यवस्था के तहत खाद-बीज प्राप्त करने के लिए किसान का सहकारी बैंक में खाता और किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) होना आवश्यक है। अधिकारियों ने स्वयं पहल करते हुए किसान को पूरी प्रक्रिया में सहयोग प्रदान किया। बैंक का समय समाप्त हो जाने के कारण अगले दिन सहकारी बैंक में किसान का खाता खुलवाया गया, पासबुक जारी की गई और आवश्यक दस्तावेज जमा कराए गए।
KCC बनने के बाद मिली खाद-बीज की सुविधा
प्रशासन की पहल से अल्प समय में ही किसान क्रेडिट कार्ड जारी कर दिया गया। केसीसी बनने के साथ ही किसान को आवश्यक खाद और बीज उपलब्ध करा दिए गए। साथ ही भविष्य में कृषि कार्यों के लिए ऋण एवं अन्य वित्तीय सहायता प्राप्त करने का मार्ग भी आसान हो गया।
बिना दफ्तरों के चक्कर लगाए हुआ काम
किसान राजनाथ राजवाड़े ने बताया कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराने के 24 घंटे के भीतर ही उनकी समस्या का समाधान हो गया। उन्हें खाद के लिए भटकना नहीं पड़ा और कृषि विभाग के अधिकारियों ने घर पहुंचकर हर संभव सहायता प्रदान की। उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की सराहना करते हुए कहा कि यह व्यवस्था किसानों और आम नागरिकों के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रही है। किसान ने किसानों के हित में किए जा रहे प्रयासों के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार भी व्यक्त किया।




