अकलतरा: चोरी की चार मोटरसाइकिलों के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, मौज-मस्ती के लिए औने-पौने दाम में बेचते थे वाहन

किस्त पटाने के नाम पर रेलवे स्टेशन से चुराते थे दोपहिया, अकलतरा पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में 4 गाड़ियां बरामद
🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में रेलवे स्टेशन के आसपास से दोपहिया वाहन पार करने वाले गिरोह का पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की चार मोटरसाइकिलों को बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल करा दिया गया है।
किस्त पटाने के नाम पर रची चोरी की साजिश
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी मदन मोहन सिंह और सनी तान्द्रे की लिखित शिकायत पर दर्ज चोरी के मामलों की विवेचना के दौरान मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली। इसके आधार पर संदेही सोनू बरेठ (23 वर्ष, निवासी इमलीडुग्गू, कोरबा) और यश मानिकपुरी को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी सोनू बरेठ ने बताया कि पूर्व के एक मामले में पेशी पर आने के दौरान गाड़ी के फाइनेंसर का ₹15,000 की किस्त भरने का फोन आया था। किस्त न चुकाने पर गाड़ी खींचने की बात सुनकर उसने अकलतरा रेलवे स्टेशन के बाहर खड़ी आई-स्मार्ट बाइक और फिर एक्टिवा स्कूटी पार कर दी।
औने-पौने दाम में बेचकर करते थे मौज-मस्ती
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे चोरी किए गए दोपहिया वाहनों को महज 6-6 हजार रुपये में बेच देते थे और उस रकम से आपस में खाने-पीने और मौज-मस्ती में खर्च करते थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की कुल चार मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। आरोपियों के खिलाफ धारा 303(2), 3(5) बीएनएस के तहत गैर-जमानती अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम की तत्परता
एसपी विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन, एएसपी डॉ. यूलैण्डन यार्क के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में हुई इस कार्रवाई में अकलतरा थाना प्रभारी निरीक्षक जयकुमार साहू, साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा सहित प्रधान आरक्षक वेंकट रमन पाटले, महिला प्रधान आरक्षक स्वाती गिरोलकर, आरक्षक महेन्द्र राज, शेष साहू, शैलेन्द्र राठौर एवं शंकर यादव की सराहनीय भूमिका रही।




