वरिष्ठ पत्रकार स्व. कुंजबिहारी साहू स्मृति प्रतिभा सम्मान समारोह संपन्न, 42 मेधावी छात्र-छात्राएं और खिलाड़ी हुए सम्मानित

शासकीय स्कूल की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का सार्थक प्रयास: कलेक्टर जन्मेजय महोबे
🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। खरौद स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में वरिष्ठ पत्रकार स्व. कुंजबिहारी साहू की स्मृति में ‘प्रतिभा सम्मान समारोह एवं कॅरियर मार्गदर्शन’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। आयोजन के पांचवें वर्ष में कक्षा 5वीं, 8वीं, 10वीं व 12वीं के 42 प्रतिभावान छात्र-छात्राओं और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि कलेक्टर जन्मेजय महोबे रहे, जबकि अति विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत सीईओ विनय पोयाम एवं अध्यक्षता अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क ने की।
लक्ष्य तय कर अनुशासन के साथ करें प्रयास
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने आयोजन समिति की पहल की सराहना करते हुए कहा कि शासकीय स्कूल की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का यह सार्थक प्रयास है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि पहले अपना लक्ष्य तय करें और अनुशासन के साथ निरंतर कोशिश करें, सफलता अवश्य मिलेगी। जिला पंचायत सीईओ विनय पोयाम ने कहा कि मंच पर सम्मान मिलने से छात्र-छात्राओं का मनोबल बढ़ता है और आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। पामगढ़ एसडीएम आरके तम्बोली ने कहा कि ऐसे आयोजनों से प्रतिभा निखरती है और इसे हर स्कूल में आयोजित किया जाना चाहिए।

एएसपी ने दिए कॅरियर व सुरक्षा टिप्स
समारोह की अध्यक्षता कर रहे एडिशनल एसपी डॉ. यूलैंडन यार्क ने विद्यार्थियों को कॅरियर मार्गदर्शन देने के साथ-साथ वर्तमान परिवेश में जरूरी साइबर और ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने आयोजन समिति की तारीफ करते हुए कहा कि शासकीय स्कूलों में ऐसे आयोजन कम ही देखने को मिलते हैं। उन्होंने स्कूल के बच्चों को आगे भी हरसंभव सहयोग और मार्गदर्शन देने की बात कही।
माउंटेनर, टॉपर और ड्रोन दीदी ने साझा किए अनुभव
कॅरियर सत्र में माउंट एवरेस्ट फतह करने वाली चांपा की पर्वतारोही अमिता श्रीवास ने 8 साल के कड़े परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पण का संदेश दिया। 12वीं की टॉपर छात्रा खुशबू देवांगन ने नियमित अध्ययन और योजनाबद्ध तैयारी की रणनीति साझा की। वहीं जिले की पहली ‘ड्रोन दीदी’ व लखपति दीदी हेमलता मनहर ने विपरीत परिस्थितियों में खुद पर भरोसा बनाए रखने और पूरी ताकत से आगे बढ़ने का आह्वान किया।
मेधावी विद्यार्थियों और खिलाड़ियों का हुआ सम्मान
समारोह में प्राथमिक शाला खाल्हेपारा के मयंक कुमार यादव, मोचन रात्रे, सुशांत नोनिया; शुकुलपारा के मोहनी साहू, धानी आदित्य, सन्तोष आदित्य; मिडिल स्कूल की यसीता आदित्य, जोनिका बर्मन, संध्या यादव; 10वीं के पुष्पा साहू, तरुण कुमार चौहान, वीणा नोनिया तथा 12वीं के हिमेश कुमार आदित्य, अनिशा खूंटे, भूमि काटले, गगन साहू, दिव्या आदित्य, वंशिका नोनिया, यंकिता नोनिया, टुकेश्वर साहू व रिया सिदार का सम्मान किया गया। इसके साथ ही गाजियाबाद (उप्र) में नेशनल ड्रॉप रो बॉल स्पर्धा में भाग लेने वाले होनहार खिलाड़ी भानू सिदार, देवव्रत भारद्वाज और पीयूष बंजारा सहित 10वीं व 12वीं में 60 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले अन्य विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की रूपरेखा संयोजक राजकुमार साहू ने रखी, मंच संचालन जया अग्रवाल ने किया एवं आभार प्रदर्शन प्राचार्य आरके गोस्वामी ने किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, शिक्षक और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।





