दहेज प्रताड़ना मामले में पति और जेठानी गिरफ्तार, नवविवाहिता की मौत के बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई

दहेज को लेकर मारपीट और प्रताड़ना का आरोप, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए दोनों आरोपी
🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा
दहेज प्रताड़ना और नवविवाहिता की मौत के मामले में जांजगीर-चांपा पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए पति और जेठानी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि विवाह के बाद से ही महिला को दहेज को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था, जिससे परेशान होकर उसने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी।
शादी के बाद शुरू हुई प्रताड़ना
पुलिस के अनुसार मृतिका भारती कश्यप का विवाह वर्ष 2025 में ग्राम जरवे निवासी कृष्णा कश्यप के साथ हुआ था। परिजनों के बयान के मुताबिक विवाह के कुछ समय बाद ही पति कृष्णा कश्यप दहेज को लेकर ताना देने लगा और घरेलू बातों को लेकर विवाद एवं मारपीट करता था। मृतिका द्वारा अपनी परेशानी जेठानी कविता कश्यप को बताने पर उसे सहयोग मिलने के बजाय वहां भी दहेज को लेकर प्रताड़ना का सामना करना पड़ा। परिजनों ने कई बार समझाइश दी, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ।
मां को फोन कर बताई थी प्रताड़ना की बात
जांच में यह भी सामने आया कि घटना के दिन भारती कश्यप ने अपनी मां को फोन कर दहेज प्रताड़ना और मारपीट की जानकारी दी थी। इसके बाद उसने कथित रूप से कीटनाशक पदार्थ का सेवन कर लिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
जांच में सामने आए गंभीर तथ्य
मामले की जांच के दौरान मृतिका की मां, भाई और अन्य रिश्तेदारों के बयान दर्ज किए गए। जांच में दहेज को लेकर प्रताड़ना और मारपीट के आरोपों की पुष्टि होने पर पुलिस ने पति कृष्णा कश्यप (23 वर्ष) और जेठानी कविता कश्यप (35 वर्ष), निवासी ग्राम जरवे, के खिलाफ अपराध दर्ज किया।
दोनों आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप एवं सीएसपी योगिता बाली खापर्डे के निर्देशन में टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने ग्राम जरवे पहुंचकर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
कार्रवाई में सीएसपी योगिता बाली खापर्डे, थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, सहायक उप निरीक्षक अरुण कुमार सिंह, आरक्षक शंकर राजपूत, दिलीप सिंह तथा महिला आरक्षक रेखा यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




