Chhattisgarh

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हैदराबाद के निवेशकों को दिया न्योता, छत्तीसगढ़ को मिले 9,580 करोड़ के निवेश प्रस्ताव

इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम में सात प्रमुख कंपनियों ने जताई निवेश की रुचि, 7,800 से अधिक रोजगार सृजन की संभावना

🔴 आज की बात न्यूज़ | रायपुर

छत्तीसगढ़ में निवेश को बढ़ावा देने के लिए आयोजित ‘छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हैदराबाद के उद्योगपतियों और निवेशकों को राज्य में निवेश का न्योता दिया। कार्यक्रम में सात प्रमुख कंपनियों ने कुल 9,580 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव दिए हैं, जिससे 7,800 से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि विकसित भारत के ग्रोथ इंजन के रूप में छत्तीसगढ़ तेजी से उभर रहा है और निवेशकों के लिए राज्य में ‘रेड कारपेट’ बिछा हुआ है। उन्होंने बताया कि नई औद्योगिक नीति लागू होने के बाद देश और विदेश में आयोजित इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रमों के माध्यम से राज्य को 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं।

डेटा सेंटर से लेकर टेक्सटाइल तक निवेश

कार्यक्रम के दौरान डेटा सेंटर, सीमेंट, सेमीकंडक्टर, जीपीयू इंफ्रास्ट्रक्चर, सौर ऊर्जा उपकरण निर्माण, टेक्सटाइल, फार्मास्यूटिकल और डेयरी क्षेत्रों में निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए।सबसे बड़ा निवेश प्रस्ताव हाइपरनेक्स्ट डेटा सेंटर लिमिटेड की ओर से 4,200 करोड़ रुपये का मिला। वहीं सीमेंट क्षेत्र में 2,912 करोड़ रुपये, एआई और सेमीकंडक्टर क्षेत्र में 1,000 करोड़ रुपये तथा सौर ऊर्जा उपकरण निर्माण क्षेत्र में 700 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए।

7,800 से अधिक रोजगार के अवसर

इन परियोजनाओं के जरिए राज्य में लगभग 7,800 प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने की संभावना है। टेक्सटाइल क्षेत्र में अकेले 2,500 और सीमेंट क्षेत्र में करीब 4,000 लोगों को रोजगार मिलने का अनुमान है।

बड़ी कंपनियों से भी हुई चर्चा

हैदराबाद प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री और राज्य के प्रतिनिधिमंडल ने गूगल इंडिया, आईबीएम, पॉलीकैब इंडिया, पेज इंडस्ट्रीज और डेल्टा इलेक्ट्रॉनिक्स के वरिष्ठ अधिकारियों से भी मुलाकात की। बैठकों में छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं और उद्योग-अनुकूल नीतियों पर चर्चा हुई।

टाटीबंध में 650 बिस्तरों वाले अस्पताल का प्रस्ताव

स्वामी नारायण गुरुकुल संगठन के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर रायपुर के टाटीबंध क्षेत्र में 650 बिस्तरों वाले चैरिटेबल अस्पताल की स्थापना के प्रस्ताव पर भी चर्चा की।

Related Articles

Back to top button