Chhattisgarh

जांजगीर-चांपा में जल उपयोगिता समिति की बैठक, 5 जुलाई से नहरों में पानी छोड़ने पर सहमति

खाद-बीज उपलब्धता, नहर मरम्मत और अंतिम छोर तक सिंचाई व्यवस्था को लेकर हुई चर्चा

🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा

कलेक्टर जन्मेजय महोबे की अध्यक्षता में खरीफ वर्ष 2026 के लिए जिला जल उपयोगिता समिति की बैठक कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने, खाद-बीज की व्यवस्था तथा नहरों की मरम्मत सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।

बैठक में जांजगीर-चांपा विधायक ब्यास कश्यप, जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी, जिला पंचायत सदस्य राजकुमार साहू, राघवेन्द्र प्रताप सिंह सहित जनप्रतिनिधि, किसान संगठन के प्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

5 जुलाई से 30 अक्टूबर तक मिलेगा सिंचाई जल

हसदेव नहर जल प्रबंध संभाग जांजगीर के कार्यपालन अभियंता ने बांध में उपलब्ध जल की जानकारी देते हुए बताया कि हसदेव बांगो परियोजना के तहत जांजगीर-चांपा, सक्ती, कोरबा और रायगढ़ जिले के 2 लाख 47 हजार 400 हेक्टेयर क्षेत्र में खरीफ सिंचाई का लक्ष्य रखा गया है। वर्तमान में बांध में 55.82 प्रतिशत जल उपलब्ध है। समिति ने सर्वसम्मति से 5 जुलाई से 30 अक्टूबर 2026 तक सिंचाई के लिए पानी छोड़ने का निर्णय लिया।

खाद-बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश

कलेक्टर ने कृषि विभाग, सहकारी बैंक और बीज निगम के अधिकारियों को किसानों की आवश्यकता के अनुसार खाद, बीज और कीटनाशक दवाइयों का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने तथा समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

कालाबाजारी और लापरवाही पर होगी कार्रवाई

बैठक में कलेक्टर ने खाद की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही नहर मरम्मत कार्य में अनावश्यक विलंब करने वाले ठेकेदारों पर भी कार्रवाई करने को कहा।

Related Articles

Back to top button