घंटों की बेचैन तलाश के बाद… आखिर कुदरी बैराज से मिला शिवम का शव

रिजल्ट के तनाव में बैराज में कूदने की आशंका, एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों ने चलाया लगातार सर्च ऑपरेशन
जांजगीर-चांपा। घंटों की बेचैन तलाश के बाद आखिरकार कुदरी बैराज से लापता 11वीं कक्षा के छात्र शिवम साहू का शव बरामद कर लिया गया। गुरुवार सुबह एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की संयुक्त टीम ने बैराज से लगभग 200 मीटर नीचे शव को खोज निकाला। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, चांपा निवासी शिवम साहू मंगलवार शाम करीब 4 बजे कुदरी बैराज पहुंचा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उसने बैराज में छलांग लगा दी, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही बैराज के गार्ड, ग्राम सरपंच आर.के. बबली यादव, स्थानीय गोताखोर और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।
गहरे पानी और जलकुंभी बनी चुनौती
रातभर स्थानीय गोताखोर पानी में उतरकर तलाश करते रहे। नगर सैनिकों की टीम ने बोरवेल कैमरे की मदद भी ली, लेकिन बैराज में गहरे पानी और जलकुंभी की मोटी परत के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन काफी चुनौतीपूर्ण रहा।
बताया जा रहा है कि शिवम 11वीं कक्षा का छात्र था और परीक्षा परिणाम को लेकर तनाव में था। घटना से पहले उसने अपने एक दोस्त को फोन कर बैराज में कूदने जैसी बात कही थी। मंगलवार शाम से उसके घर नहीं लौटने पर परिजन उसकी तलाश कर रहे थे।
एसडीआरएफ टीम ने चलाया संयुक्त अभियान
स्थिति गंभीर होने पर बुधवार को बिलासपुर से एसडीआरएफ की टीम बुलाई गई। गुरुवार सुबह संयुक्त टीम ने दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद शिवम का शव बरामद किया गया।
शव को पोस्टमार्टम के लिए स्वर्गीय बिसाहू दास महंत स्मृति शासकीय चिकित्सालय चांपा भेजा गया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं इस घटना ने पूरे इलाके को भावुक कर दिया है।




