धान उपार्जन केंद्र खपरी में गड़बड़ी, तीन कर्मचारी हटाए गए

जांजगीर-चांपा। धान खरीदी कार्य में गंभीर अनियमितता पाए जाने पर प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित चोरभट्टी द्वारा धान उपार्जन केंद्र खपरी के प्रभारी सहित तीन कर्मचारियों को खरीदी कार्य से पृथक कर दिया गया है।
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पामगढ़ द्वारा किए गए निरीक्षण के दौरान उपार्जन केंद्र में धान के रख-रखाव में भारी लापरवाही सामने आई। भौतिक सत्यापन में मोटा धान 801 बोरी कम तथा सरना धान 1106 बोरी अधिक पाया गया। निरीक्षण प्रतिवेदन में धान खरीदी कार्य में गंभीर लापरवाही एवं अनियमितता दर्ज की गई।
जांच के आधार पर धान उपार्जन केंद्र खपरी के प्रभारी रविंद्र कुमार यादव, कंप्यूटर ऑपरेटर प्रदीप कुमार यादव एवं नर्मदा साहू को धान खरीदी कार्य से पृथक करने तथा कर्मचारी सेवा नियम 2018 के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके पालन में प्राधिकृत अधिकारी, प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित चोरभट्टी द्वारा कर्मचारी सेवा नियम 2018 की कंडिका 17.5 के अंतर्गत कार्रवाई की गई।
आदेश के अनुसार, 25 जनवरी 2026 की स्थिति में संबंधित केंद्र द्वारा कुल 32025.60 क्विंटल धान की खरीदी की गई थी। परिदान के बाद 11799.60 क्विंटल धान शेष है, जिसका संपूर्ण परिदान संबंधित प्रभारी से ही कराया जाएगा। किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार होंगे तथा कमी की वसूली के साथ वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।




