nationalpm modiछत्तीसगढ़रायपुर

बस्तर 2.0 की शुरुआत: मुख्यमंत्री साय ने पीएम मोदी को दिया आमंत्रण, विकास का ब्लूप्रिंट सौंपा

बस्तर के लिए 360° प्लान-टूरिज्म, स्टार्टअप, इंफ्रा और इनोवेशन पर फोकस

पीएम का बस्तर दौरा बनेगा टर्निंग पॉइंट, बड़े प्रोजेक्ट्स की सौगात

नई दिल्ली, 7 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर ‘बस्तर 2.0’ के तहत क्षेत्र के समग्र विकास का विस्तृत ब्लूप्रिंट प्रस्तुत किया। उन्होंने प्रधानमंत्री को मानसून के बाद बस्तर दौरे का आमंत्रण भी दिया, जहां कई बड़ी परियोजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण प्रस्तावित हैं।

नक्सलवाद के बाद अब विकास पर फोकस
मुख्यमंत्री ने बताया कि बस्तर सहित प्रदेश में शांति स्थापित हो चुकी है और अब विकास, रोजगार व बुनियादी सुविधाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है। शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में एजुकेशन सिटी, सुपर स्पेशलिटी अस्पताल और मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जा रहे हैं, वहीं इंद्रावती नदी पर बैराज, रेल लाइन और एयरपोर्ट विस्तार से कनेक्टिविटी मजबूत होगी।

‘5 मंत्र’ पर आधारित विकास रणनीति
साय द्वारा प्रस्तुत ब्लूप्रिंट ‘सैचुरेशन, कनेक्ट, फैसिलिटेट, एम्पावर और एंगेज’ रणनीति पर आधारित है। इसके तहत प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधूरे कार्य 2027 तक पूर्ण करने और 228 नई सड़कों व 267 पुलों के निर्माण का प्रस्ताव है। साथ ही 61 परियोजनाओं के लिए विशेष केंद्रीय सहायता मांगी गई है।

इंफ्रा, शिक्षा और स्वास्थ्य में बड़े लक्ष्य
ऊर्जा और बुनियादी ढांचे के विस्तार के साथ हर घर बिजली पहुंचाने का लक्ष्य तय किया गया है। 45 पोटा केबिन स्कूलों को स्थायी भवनों में बदला जाएगा, 15 स्टेडियम और 2 मल्टीपर्पज हॉल बनाए जाएंगे। स्वास्थ्य सेवाओं के लिए नए अस्पताल और डॉक्टरों के लिए ट्रांजिट हॉस्टल तैयार किए जाएंगे।

कृषि और आय बढ़ाने पर जोर
इंद्रावती नदी पर देउरगांव और मटनार परियोजनाओं से 31,840 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी। वहीं, 2029 तक 85% परिवारों की आय 15 हजार से बढ़ाकर 30 हजार रुपये मासिक करने का लक्ष्य रखा गया है।

स्टार्टअप और पर्यटन से नई पहचान
‘अंजोर विजन 2047’ और ‘विकसित भारत@2047’ के तहत 2030 तक 5,000 स्टार्टअप तैयार करने का लक्ष्य है। पर्यटन क्षेत्र में चित्रकोट जलप्रपात, तीरथगढ़ जलप्रपात, कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान जैसे स्थलों को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में काम हो रहा है।

‘बस्तर मुन्ने’ से गांव-गांव तक पहुंचेंगी योजनाएं
‘बस्तर मुन्ने’ कार्यक्रम के तहत हर ग्राम पंचायत में शिविर लगाकर लोगों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ, दस्तावेज और समस्याओं का समाधान दिया जाएगा।

पीएम दौरे में मिलेंगी बड़ी सौगातें
प्रस्तावित दौरे में रावघाट-जगदलपुर रेल लाइन, जगदलपुर एयरपोर्ट विस्तार, सुपर स्पेशलिटी अस्पताल, दंतेवाड़ा मेडिकल कॉलेज और एजुकेशन सिटी जैसी परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण संभावित है।

Related Articles

Back to top button