आत्मनिर्भरता की नई मिसाल बनीं मोनी साहू: महतारी वंदन योजना की राशि से श्रृंगार सामग्री की दुकान का किया विस्तार

पामगढ़ के ग्राम खरखोद की मोनी साहू ने मासिक सहायता से संवारा अपना कारोबार; हर महीने मिलने वाले ₹1,000 से बढ़ा रहीं दुकान का सामान
जांजगीर-चांपा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त, आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने के उद्देश्य से संचालित ‘महतारी वंदन योजना’ जमीनी स्तर पर सकारात्मक परिणाम दे रही है। योजना के माध्यम से मिलने वाली 1,000 रुपये की मासिक वित्तीय सहायता महिलाओं की दैनिक जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ उनके स्वरोजगार को भी मजबूती प्रदान कर रही है।
श्रृंगार सामग्री की दुकान का किया विस्तार
जिले के महिला एवं बाल विकास परियोजना पामगढ़ अंतर्गत ग्राम खरखोद निवासी श्रीमती मोनी साहू महतारी वंदन योजना का लाभ उठाकर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। मोनी साहू गांव में ही श्रृंगार सामग्री की एक दुकान का संचालन करती हैं। योजना के तहत नियमित रूप से मिलने वाली राशि का उपयोग वे अपनी दुकान के व्यवसाय को आगे बढ़ाने और स्टॉक मजबूत करने में कर रही हैं।
व्यवसाय के निरंतर संचालन में मददगार बनी योजना
श्रीमती मोनी साहू बताती हैं कि योजना से मिलने वाली राशि से वे दुकान के लिए आवश्यक उत्पाद जैसे चूड़ी, बिंदी और अन्य जरूरी प्रसाधन सामग्री खरीदती हैं। इस निरंतर आर्थिक सहयोग से उन्हें दुकान में नए सामान की उपलब्धता बनाए रखने और व्यवसाय को सुचारू रूप से चलाने में बड़ी मदद मिल रही है। उन्होंने कहा कि यह योजना प्रदेश की महिलाओं के जीवन में आर्थिक आत्मनिर्भरता की नई राह खोल रही है, जिसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त किया।




