पॉलिटिक्स

संविधान हत्या दिवस पर भाजपा ने किया मीसा बंदियों का सम्मान, आपातकाल को बताया लोकतंत्र का काला अध्याय

जांजगीर में आयोजित कार्यक्रम में लोकतंत्र सेनानियों को किया गया सम्मानित, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने साझा किए आपातकाल के अनुभव

🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा

भारतीय जनता पार्टी जिला जांजगीर-चांपा द्वारा 25 जून को संविधान हत्या दिवस के रूप में मनाया गया। जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान आपातकाल के समय लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले मीसा बंदियों का शाल, श्रीफल, पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र का काला अध्याय बताते हुए कहा कि 25 जून 1975 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के नेतृत्व में देश में आपातकाल लागू किया गया, जिसके बाद नागरिक अधिकारों और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर गंभीर प्रभाव पड़ा।

आपातकाल के दौर को किया याद

नारायण चंदेल ने कहा कि आपातकाल के दौरान प्रेस की स्वतंत्रता पर अंकुश लगाया गया और जनसंघ, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सहित विपक्षी दलों के हजारों कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर जेलों में बंद कर दिया गया। उन्होंने कहा कि उस दौर में लोकतांत्रिक अधिकारों का व्यापक हनन हुआ था।

पारिवारिक संघर्षों का भी किया उल्लेख

अपने अनुभव साझा करते हुए चंदेल ने बताया कि आपातकाल के समय वे छात्र जीवन में थे। उनके पिता स्वर्गीय जंगीराम चंदेल, जो जनसंघ के सक्रिय नेता थे, उन्हें भी गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। उन्होंने कहा कि उस दौर में केवल बंदियों को ही नहीं, बल्कि उनके परिवारों को भी सामाजिक, आर्थिक और मानसिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

नई पीढ़ी को इतिहास जानने की जरूरत

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि युवा पीढ़ी को आपातकाल के इतिहास और उसके प्रभावों की जानकारी होना आवश्यक है। चंदेल ने विशेष रूप से भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं से लोकतंत्र सेनानियों के संघर्ष और बलिदान को जानने और समझने का आह्वान किया।

एक दिन पहले निकाली गई थी मौन पदयात्रा

इस अवसर पर बताया गया कि 24 जून को भाजपा जिला इकाई द्वारा जिला न्यायालय (कचहरी चौक) जांजगीर से अटल चौक तक मौन पदयात्रा निकाली गई थी। पदयात्रा के माध्यम से आपातकाल के विरोध और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संदेश दिया गया। इसमें बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और नागरिक शामिल हुए थे।

कार्यक्रम में रामदेव कुमावत, जिलाध्यक्ष अम्बेश जांगड़े, प्रशांत सिंह, अमर सोल्तानिया, सत्यलता मिरी, रजनी साहू, संतोष लहरे, नंद चौधरी, नंदिनी राजवाड़े सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, मोर्चा-प्रकोष्ठ के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button