ब्राह्मण नारी नवचेतना मंच ने उत्साह के साथ मनाया सावन उत्सव: अनिता मिश्रा बनीं ‘सावन क्वीन’

हरे रंग की पारंपरिक वेशभूषा में नजर आईं महिलाएं; भगवान शिव व परशुराम जी की पूजा के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रही धूम
जांजगीर-चांपा। ब्राह्मण नारी नवचेतना मंच द्वारा सावन माह के पावन अवसर पर भव्य ‘सावन उत्सव’ का आयोजन मंच की वरिष्ठ सदस्या जयश्री शर्मा के निवास स्थान पर किया गया। इस रंगारंग कार्यक्रम में समाज की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पारंपरिक गीतों, नृत्यों तथा विविध प्रतियोगिताओं के माध्यम से सावन मास का हर्षाेल्लास के साथ स्वागत किया।
भक्ति और सांस्कृतिक कार्यक्रम
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान शिव एवं भगवान परशुराम जी की पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके पश्चात नीरा शर्मा ने “कांवरिया ले चल बाबाधाम” गीत प्रस्तुत किया, जबकि गीता मिश्रा, निशा मिश्रा और आशा दुबे ने सावन के सुमधुर गीत गाकर झूला झूलने की परंपरा निभाई। मंच की सदस्य विद्योत्तमा गौरहा एवं श्रद्धा शर्मा द्वारा प्रस्तुत किए गए सामूहिक नृत्य ने पूरे कार्यक्रम में समां बांध दिया।
प्रतियोगिताओं की रही धूम
उत्सव के दौरान कई तरह की रोचक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिसमें अनिता मिश्रा ‘सावन क्वीन’ चुनी गईं। वहीं नीरा शर्मा को ‘मैचिंग क्वीन’ का खिताब मिला और नीलू शर्मा ‘ब्यूटी विथ ब्रेन’ चुनी गईं। डांस प्रतियोगिता और म्यूजिकल चेयर कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण रहे। सभी विजेताओं को संयोजक जयश्री शर्मा द्वारा आकर्षक पुरस्कार दिए गए तथा उपस्थित सभी सदस्यों को उपहार स्वरूप सुहाग पिटारी का वितरण किया गया।
आपसी मेलजोल व आभार
मंच की वरिष्ठ सदस्या वीना शर्मा एवं नीलू पाण्डेय ने कहा कि ऐसे आयोजनों से संस्कृति और परंपराएं जीवंत रहती हैं तथा महिलाओं में आपसी एकता व सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। कार्यक्रम का कुशल संचालन जूही गौरहा ने किया तथा अंत में सभी का आभार पूर्णिमा शर्मा द्वारा व्यक्त किया गया।
इस गरिमामय अवसर पर वीना शर्मा, नीरा शर्मा, जयश्री शर्मा, नीलू पाण्डेय, जयंती दुबे, गीता मिश्रा, अलका शर्मा, आशा दुबे, निशा मिश्रा, अनिता मिश्रा, नीलू शर्मा, प्रियंवदा पाण्डेय, किरण शुक्ला, पूर्णिमा शर्मा, शालिनी शर्मा, विद्योत्तमा गौरहा, प्राची पाण्डेय, जूही गौरहा, प्रेरणा शर्मा, श्रद्धा शर्मा एवं अवव्यान शर्मा सहित बड़ी संख्या में समाज की महिलाएं उपस्थित रहीं।





