जांजगीर: जनसमस्या निवारण शिविर में तुरंत समाधान, गोरेलाल को मौके पर मिली ‘किसान किताब’

भड़ेसर में आयोजित सुशासन तिहार बना मददगार, सालों की परेशानी दूर होने पर किसान ने मुख्यमंत्री का जताया आभार
जांजगीर चाम्पा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर जांजगीर-चांपा जिले में ‘सुशासन तिहार 2026’ का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में नवागढ़ ब्लॉक के ग्राम भड़ेसर में जनसमस्या निवारण शिविर लगाया गया। शिविर में भड़ेसर निवासी किसान गोरेलाल बरेठ अपना आवेदन लेकर पहुंचे। उन्होंने बताया कि किसान किताब न होने के कारण उन्हें खेती से जुड़ी सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में भारी दिक्कतें आ रही थीं।
दस्तावेज के अभाव में रुक रहे थे काम
किसान गोरेलाल ने अधिकारियों को बताया कि किसान किताब के बिना उन्हें कृषि ऋण, खाद-बीज का वितरण और अन्य सरकारी लाभ समय पर नहीं मिल पा रहे थे। उनकी इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए शिविर में मौजूद राजस्व विभाग के अधिकारियों ने तत्काल दस्तावेजों का सत्यापन किया। प्रशासन की सक्रियता से कुछ ही देर में सारी प्रक्रिया पूरी कर ली गई।
मौके पर ही हुआ समस्या का अंत
त्वरित कार्रवाई के परिणाम स्वरूप श्री गोरेलाल बरेठ को शिविर में ही नई ‘किसान किताब’ सौंप दी गई। हाथ में दस्तावेज पाकर किसान के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई। उन्होंने जिला प्रशासन और मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह अभियान आम लोगों की समस्याओं को दूर करने का एक सार्थक मंच साबित हो रहा है।




