Chhattisgarhजाँजगीर -चाँपा

तमिलनाडु में बंधक बनाए गए जांजगीर-चांपा के 41 श्रमिक मुक्त, 50 लोगों की सुरक्षित वापसी की तैयारी

जिला प्रशासन की त्वरित पहल पर तमिलनाडु में फंसे श्रमिकों का रेस्क्यू, महिलाओं और बच्चों समेत सभी की सुरक्षित घर वापसी की प्रक्रिया शुरू।

जांजगीर-चांपा। तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले में बंधक बनाकर रखे गए जांजगीर-चांपा जिले के 41 श्रमिकों सहित महिलाओं और बच्चों समेत कुल 50 लोगों की सुरक्षित वापसी के लिए जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। शिकायत मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन और संबंधित संस्थाओं की मदद से सभी श्रमिकों को मुक्त कराया गया।जानकारी के अनुसार जिले के श्रमिकों को काम के लिए तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले अंतर्गत देवांद्वकाम ग्राम ले जाया गया था। वहां उन्हें उचित मजदूरी नहीं दी जा रही थी और जबरन कार्य कराया जा रहा था। शिकायत मिलने पर तिरुवल्लूर जिला प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई कर श्रमिकों का रेस्क्यू किया।

कलेक्टर ने स्वयं श्रमिकों से की बात

मामले की जानकारी मिलते ही कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने तत्काल संज्ञान लिया और तमिलनाडु प्रशासन से संपर्क कर श्रमिकों की स्थिति की जानकारी ली। कलेक्टर ने स्वयं दूरभाष पर श्रमिकों से चर्चा कर उनका हालचाल जाना और किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल जिला प्रशासन को सूचित करने को कहा।

महिलाओं और बच्चों को भी मिली राहत

स्थानीय प्रशासन एवं संबंधित एनजीओ की सहायता से सभी श्रमिकों को सुरक्षित मुक्त कराया गया है। मुक्त कराए गए लोगों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। जिला प्रशासन उनकी सुरक्षित घर वापसी सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी बनाए हुए है।

भोजन, टिकट और आर्थिक सहायता की व्यवस्था

तिरुवल्लूर प्रशासन द्वारा श्रमिकों को भोजन, यात्रा टिकट और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। साथ ही सभी को अवमुक्ति प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए हैं। श्रम पदाधिकारी समीर मिश्रा ने बताया कि श्रमिकों के गृह ग्राम पहुंचने तक प्रशासन लगातार समन्वय बनाए रखेगा तथा आवश्यक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

Related Articles

Back to top button