bjpBudget 2026जाँजगीर -चाँपा

2047 के भारत की नींव रखने वाला संतुलित और दूरदर्शी बजट जांजगीर-चाम्पा में आयोजित प्रेसवार्ता में धरमलाल कौशिक ने केंद्रीय बजट 2026-27 को बताया ऐतिहासिक

जांजगीर-चाम्पा। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं विधायक धरमलाल कौशिक ने जांजगीर-चाम्पा जिले में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए केंद्रीय बजट 2026-27 को विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं दूरदर्शी दस्तावेज़ बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट वर्ष 2047 के सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव रखता है।
श्री कौशिक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह लगातार 12वीं बार केंद्रीय बजट प्रस्तुत हुआ है, जबकि वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण ने लगातार 9वीं बार बजट पेश कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यह देश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि यह बजट समाज की समृद्धि और संकल्पों की सिद्धि का मार्ग प्रशस्त करता है तथा विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में ठोस पहल है।
प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि बजट में गांव, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं—इन सभी वर्गों को केंद्र में रखा गया है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में संचालित योजनाओं से देश में गरीबी में निरंतर कमी आई है और यह बजट गरीबों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निर्णायक भूमिका निभाएगा।
महिला सशक्तिकरण के संदर्भ में श्री कौशिक ने बताया कि लखपति दीदी योजना की सफलता को आगे बढ़ाते हुए बजट में ‘SHE-मार्ट’ की व्यवस्था की गई है। इसके तहत प्रत्येक जिले में कम्युनिटी-ओन्ड रिटेल आउटलेट स्थापित किए जाएंगे, जहाँ स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों को बाज़ार उपलब्ध कराया जाएगा। इससे पशुपालन, कृषि एवं अन्य गतिविधियों से जुड़ी महिलाएं आजीविका से आगे बढ़कर उद्यमिता की ओर अग्रसर होंगी।
प्रेसवार्ता में पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, जिला अध्यक्ष अंबेश जांगड़े, कमला पाटले, प्रशांत सिंह ठाकुर, अमर सुल्तानिया, नंद चौधरी, नंदनी रजवाड़े, रेखा गढ़वाल, चुन्नीलाल साहु,  इंजी रवि पांडेय, पंकज अग्रवाल, आशुतोष गोस्वामी, पुष्पेंद्र प्रताप सिंह, विकास शर्मा, अनिल शर्मा, हितेश यादव, संतोषी सिंह, नरेंद्र कौशिक, राकेश रूपवानी, चमन शिव सिंह, राहुल सेन एवं सुशील सिंह सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button