जाँजगीर -चाँपा

मृत महिला के नाम पर लाखों का फर्जीवाड़ा! सरकारी योजना में बड़ा खेल उजागर

जिपं. उपाध्यक्ष ने कलेक्टर–एसपी से FIR व उच्चस्तरीय जांच की मांग

जांजगीर-चांपा | जिला पंचायत जांजगीर-चांपा के उपाध्यक्ष गगन जयपुरिया ने मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना में गंभीर फर्जीवाड़े का मामला सामने लाया है। उन्होंने जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत देकर पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच, एफआईआर और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के अनुसार विकासखंड बम्हनीडीह निवासी स्वर्गीय श्रीमती सुमन बाई पटेल के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर श्रम विभाग में पंजीयन कराया गया। आरोप है कि गलत मृत्यु प्रमाण पत्र के आधार पर योजना की सहायता राशि स्वीकृत कर ली गई, जबकि वास्तविक मृत्यु तिथि पूर्व की होने के बावजूद दस्तावेजों में हेरफेर किया गया।

बताया गया है कि फर्जी कागजातों के आधार पर लाखों रुपये की सहायता राशि संबंधित बैंक खाते में अंतरित कर दी गई। मामले में विभागीय स्तर पर मिलीभगत की आशंका भी जताई गई है।

जिपं. उपाध्यक्ष ने कहा कि यह मामला किसी एक व्यक्ति तक सीमित नहीं हो सकता; श्रम विभाग से जुड़े दलालों और कुछ अधिकारियों की संलिप्तता की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने दोषियों के खिलाफ एफआईआर, राशि की रिकवरी, और जिलेभर में योजनाओं की विशेष जांच व ऑडिट कराने की मांग की है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार सुशासन के संकल्प पर काम कर रही है और गरीबों व श्रमिकों के हक पर डाका डालने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

Related Articles

Back to top button