जांजगीर-चांपा में शतरंज का महाकुंभ 1 फरवरी को

अंडर-10, 15 व 19 वर्ग में राज्य स्तरीय रैपिड शतरंज प्रतियोगिता
जांजगीर-चांपा। जिले में शतरंज की उभरती प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से 1 फरवरी 2026, रविवार को राज्य स्तरीय एकदिवसीय रैपिड शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता जिला शतरंज संघ जांजगीर-चांपा एवं डीबी वेंचर्स (धीरेंद्र बाजपेयी ग्रुप) के संयुक्त तत्वाधान में होटल हरियाली हेरिटेज, नेताजी चौक, अकलतरा रोड, जांजगीर में आयोजित होगी। आयोजन में चेंबर ऑफ कॉमर्स के जिला अध्यक्ष मनोज अग्रवाल एवं राजेश अग्रवाल (केवीसी सेल्स) का विशेष सहयोग प्राप्त है।
जिला शतरंज संघ के अध्यक्ष देवेंद्र राठौर एवं उपाध्यक्ष देवेंद्र यादव ने बताया कि प्रतियोगिता अंडर-10, अंडर-15 एवं अंडर-19 आयु वर्ग में आयोजित की जाएगी, जिसमें बालक एवं बालिकाएं भाग लेंगे। प्रतियोगिता का उद्घाटन प्रातः 9 बजे होगा, जबकि 9:30 बजे से मुकाबले प्रारंभ होंगे। प्रतियोगिता 15 मिनट + 5 सेकंड इन्क्रीमेंट समय नियंत्रण के साथ रैपिड प्रारूप में खेली जाएगी।
प्रतियोगिता में कुल ₹30,000 की नगद पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। सभी प्रतिभागियों को मेडल एवं ई-प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। प्रवेश शुल्क ₹400 रखा गया है। आयोजकों ने प्रदेश के शतरंज खिलाड़ियों से अधिक से अधिक सहभागिता की अपील की है।




