
सोना नवीनीकरण और ऋण अवधि बढ़ाने का झांसा देकर एक परिवार से 90.28 लाख रुपये ठगने का आरोप, पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा।
🔴 Aaj Ki Baat News | सक्ती
सक्ती जिले के बाराद्वार थाना क्षेत्र में सोना नवीनीकरण और ऋण अवधि बढ़ाने का लालच देकर एक परिवार से 90 लाख 28 हजार 500 रुपये की कथित ठगी के मामले में पुलिस ने एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम मल्दी जेठा निवासी मूलचंद राठौर (48) ने बाराद्वार थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि पेंड्रा निवासी रेखा राठौर, पुष्पांजली राठौर, अफरोज खान और सुभाष साहू ने सोना नवीनीकरण एवं ऋण अवधि बढ़ाने का झांसा देकर उनके, उनकी पत्नी और पुत्रों के विभिन्न बैंक खातों से यूपीआई, एनईएफटी, आरटीजीएस और आईएमपीएस के माध्यम से कुल ₹90,28,500 अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
शिकायत के आधार पर थाना बाराद्वार में अपराध क्रमांक 282/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 61(2) एवं 112 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
योजनाबद्ध कार्रवाई में तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज राम गोपाल गर्ग, पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल एवं एसडीओपी भुनेश्वरी पैंकरा के निर्देशन में थाना प्रभारी नरेंद्र यादव के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस के अनुसार, दबिश देकर एक महिला और दो पुरुष आरोपियों को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कथित रूप से स्वीकार किया कि उन्होंने अधिक पैसा कमाने के उद्देश्य से योजनाबद्ध तरीके से मूलचंद राठौर और उनके परिवार को सोना नवीनीकरण एवं ऋण अवधि बढ़ाने का लालच देकर 31 अक्टूबर 2025 से 5 अगस्त 2026 के बीच अलग-अलग बैंक खातों से विभिन्न ऑनलाइन माध्यमों के जरिए राशि ट्रांसफर कराई।
आरोपियों को भेजा गया जेल
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में एक अन्य नामित व्यक्ति की भूमिका की जांच जारी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल ने कहा कि धोखाधड़ी, लूट, डकैती और अन्य गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि जिला पुलिस नागरिकों की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र यादव, उपनिरीक्षक यशवंत राठौर सहित बाराद्वार थाना पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




