छत्तीसगढ़ शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026: परीक्षार्थियों के लिए दिशा-निर्देश जारी

जिले में दो पालियों में परीक्षा, 13,876 अभ्यर्थी होंगे शामिल
जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ व्यापम परीक्षा मंडल द्वारा 1 फरवरी 2026 को छत्तीसगढ़ शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) 2026 का आयोजन जिले में दो पालियों में किया जाएगा। परीक्षा को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं और परीक्षार्थियों के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
पहली पाली में जिले के 17 परीक्षा केंद्रों पर 5,313 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे, जबकि दूसरी पाली में 29 परीक्षा केंद्रों पर 8,563 अभ्यर्थी अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। पहली पाली की परीक्षा सुबह 9.30 बजे से दोपहर 12.15 बजे तक आयोजित होगी। वहीं दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 5.45 बजे तक चलेगी।
समय से पहले पहुंचे परीक्षार्थी
परीक्षार्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने के कम से कम दो घंटे पहले परीक्षा केंद्र पहुंचना अनिवार्य होगा, ताकि फ्रिस्किंग और फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र के माध्यम से सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की जा सके। परीक्षा शुरू होने के 30 मिनट पूर्व केंद्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। पहली पाली के लिए सुबह 9 बजे और दूसरी पाली के लिए दोपहर 2.30 बजे मुख्य द्वार बंद होगा। परीक्षार्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर आने के निर्देश दिए गए हैं। काले, गहरे नीले, हरे, जामुनी, मैरून, बैंगनी और गहरे चॉकलेटी रंग के कपड़े पहनना प्रतिबंधित रहेगा। बिना पॉकेट का साधारण स्वेटर ही मान्य होगा, जिसे सुरक्षा जांच के दौरान उतारकर जांच करानी होगी। धार्मिक या सांस्कृतिक पोशाक पहनने वाले अभ्यर्थियों को अतिरिक्त सुरक्षा जांच से गुजरना होगा। फुटवियर के रूप में केवल चप्पल पहनने की अनुमति होगी। कान में किसी भी प्रकार के आभूषण पहनना वर्जित रहेगा। परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, पर्स, पाउच, बेल्ट, टोपी, स्कार्फ सहित किसी भी प्रकार के संचार या इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षा में अनुचित साधनों का प्रयोग करते पाए जाने पर अभ्यर्थी की उम्मीदवारी तत्काल समाप्त कर दी जाएगी और कठोर कार्रवाई की जाएगी। परीक्षार्थियों को केवल काले या नीले रंग के बॉल प्वाइंट पेन के साथ ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति होगी। प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा से एक दिन पहले अपने परीक्षा केंद्र का अवलोकन अवश्य कर लें, ताकि परीक्षा के दिन किसी प्रकार की असुविधा न हो।




