nationalजाँजगीर -चाँपास्पोर्ट्स

राष्ट्रीय खेल दिवस पर जांजगीर में निकली सद्भावना रैली, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी और प्रशिक्षक सम्मानित

मेजर ध्यानचंद की जयंती पर जिला प्रशासन व खेल विभाग का आयोजन, निरंतर अभ्यास और खेल भावना पर दिया गया जोर

जांजगीर-चांपा। 29 अगस्त 2026। हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती एवं राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में जिला प्रशासन तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा जांजगीर में सद्भावना रैली और खिलाड़ी-प्रशिक्षक सम्मान समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। सद्भावना रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जिसने शहर भ्रमण कर खेल, स्वास्थ्य, अनुशासन एवं आपसी सद्भाव का प्रभावी संदेश दिया।

खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों का हुआ सम्मान

आयोजन के दौरान विभिन्न खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले उभरते खिलाड़ियों और खेल प्रतिभाओं को तराशने में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रशिक्षकों को मंच से सम्मानित किया गया। अतिथियों ने खिलाड़ियों को निरंतर कड़े अभ्यास, अनुशासन और समर्पण के साथ जिला, राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान मेजर ध्यानचंद के भारतीय खेल जगत में अतुलनीय योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।

अधिकारी व खेल जगत के लोग रहे उपस्थित

कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) विनय कुमार पोयाम, एसडीएम एवं खेल अधिकारी सुब्रत प्रधान, तहसीलदार शशिभूषण सोनी, खेल विभाग के एस.एस. बघेल सहित वरिष्ठ प्रशिक्षक गोपेश्वर कहरा, राजेश राठौर, वरुण पाण्डेय, राकेश गढ़वाल, जितेंद्र तिवारी, पुष्कर दिनकर, विभिन्न खेलों के प्रशिक्षक, खिलाड़ी तथा अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन दीपक यादव ने किया।

Related Articles

Back to top button