सुखरीकला में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस समारोह: 35 मीटर लंबे तिरंगे के साथ निकली भव्य रैली

भारत माता, छत्तीसगढ़ महतारी व वीरांगनाओं की जीवंत झांकी रही आकर्षण का केंद्र; बोर्ड परीक्षा में शत-प्रतिशत परिणाम देने वाले व्याख्याताओं और मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
जांजगीर चांपा। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुखरीकला में स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ग्राम सरपंच अंजोर सिंह मरकाम, विशिष्ट अतिथि शिक्षा समिति अध्यक्ष टेमलाल चौहान, सेवानिवृत्त प्रधान पाठक लक्ष्मीनारायण मन्नेवार, उपसरपंच संतोष सोनंत, तीरथ राम तांब्रे, घासीराम तांब्रे व बजरंग बरेठ रहे, जबकि अध्यक्षता संस्था के प्राचार्य बीएल चौधरी ने की।
35 मीटर लंबे तिरंगे के साथ रैली और मनमोहक झांकियां
समारोह के दौरान राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो) स्वयंसेवकों और छात्र-छात्राओं द्वारा 35 मीटर लंबे विशाल तिरंगे के साथ गांव की मुख्य गलियों में भव्य रैली निकाली गई। रैली में भारत माता, छत्तीसगढ़ महतारी, पंडवानी गायिका तीजनबाई, आदिवासी महिला, अहिल्याबाई होल्कर एवं वीरांगना झलकारी बाई के वेश में अंजली गबेल, दीपिका प्रधान, पूनम केवट, दुर्गेश्वरी जगत, बिंदिया मन्नेवार व रुकमणी मन्नेवार की झांकियों ने ग्रामीणों का मन मोह लिया। छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।
उत्कृष्ट शिक्षकों और मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान
बोर्ड परीक्षा में शत-प्रतिशत परिणाम देने वाले व्याख्याता केएस कंवर, एएल डहरिया, ए लहरे, आरके राठौर, एमआर राज, एलएन सोनकर, डीएल कंवर, श्रीमती एम अवस्थी, श्रीमती अनिता साहू, श्रीमती ज्योति सोनी, पुरुषोत्तम कंवर, उत्कृष्ट कक्षा शिक्षक संजय कर्ष एवं उत्कृष्ट खेल कोच एसके कालेलकर को मोमेंटो व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं कक्षा 12वीं में प्रथम दुर्गेश्वरी कश्यप, द्वितीय खोमंत मन्नेवार, तृतीय सुमन कंवर व बम्बलेश्वरी तथा 10वीं में प्रथम चांदनी तांब्रे एवं द्वितीय जया मन्नेवार को पुरस्कृत किया गया।
खेल शिक्षक ने 17वीं बार रक्तदान कर दिया संदेश
कार्यक्रम के दौरान खेल शिक्षक एसके कालेलकर ने 17वीं बार रक्तदान कर देशभक्ति और सेवा का अनुकरणीय संदेश दिया। मंच संचालन एसके कालेलकर ने किया एवं आभार प्रदर्शन प्राचार्य बीएल चौधरी ने किया। इसके अतिरिक्त गांव के गांधी चौक, संजय नगर प्राथमिक व माध्यमिक शाला, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, आयुर्वेदिक औषधालय, पंचायत भवन एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में भी ध्वजारोहण किया गया।





