राइस मिल से 50 कट्टी धान चोरी का खुलासा, पामगढ़ पुलिस ने 24 घंटे में 8 आरोपियों को दबोचा

सिद्धि विनायक राइस मिल में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने 65 कट्टी धान, पिकअप वाहन, स्कूटी, मोटरसाइकिल और नकदी बरामद की।
🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर चाम्पा
पामगढ़ थाना क्षेत्र स्थित सिद्धि विनायक राइस मिल में हुई धान चोरी की वारदात का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 65 कट्टी धान, एक पिकअप वाहन, एक स्कूटी, एक मोटरसाइकिल तथा 21 हजार रुपये नकद बरामद कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
फेंसिंग काटकर मिल में घुसे थे चोर
पुलिस के अनुसार 14 जून की रात करीब 9 बजे सिद्धि विनायक राइस मिल, चंडीपारा का चौकीदार भोजन करने मुख्य गेट की ओर गया था। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने पीछे की फेंसिंग काटकर मिल परिसर में प्रवेश किया और धान की बोरियां चोरी कर लीं। कुछ देर बाद चौकीदार ने निरीक्षण के दौरान फेंसिंग के बाहर खेत में धान की बोरियां और बिखरा हुआ धान देखा, जिसके बाद मिल संचालक को सूचना दी गई। अगले दिन जांच में करीब 50 कट्टी धान गायब पाया गया, जिसकी कीमत लगभग 50 हजार रुपये आंकी गई।
विशेष टीम बनाकर शुरू की गई जांच
प्रार्थी ऋषि सिंह की रिपोर्ट पर थाना पामगढ़ में अपराध दर्ज कर थाना प्रभारी निरीक्षक सावन कुमार सारथी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने मुखबिरों की सहायता से अकलतरा और चंडीपारा क्षेत्र में दबिश देकर महज 24 घंटे के भीतर 8 आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर अकलतरा स्थित एक राइस मिल से 65 कट्टी धान बरामद किया गया।
इनकी हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने मामले में राजा लहरे, रामकुमार भार्गव, कन्हैया सिन्हा उर्फ लाला, बीर सिंह बंजारे, अजय पाटले, लक्ष्मी कुमार सिन्हा, शैलेष राय एवं राकेश कुमार साहू को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सावन सारथी, उपनिरीक्षक संतोष बंजारे, प्रधान आरक्षक राजेश कोसले, प्रधान आरक्षक मंजू सिंह, आरक्षक श्याम ओग्रे, चंद्रशेखर कैवर्त्य, विनोद मनहर, लव मांझी, सैनिक चंद्रशेखर प्रधान एवं थाना पामगढ़ स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




