क्राइमजाँजगीर -चाँपा

अवैध रेत कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, 100 ट्रैक्टर रेत वापस नदी में डलवाई गई

जिले में अवैध उत्खनन के खिलाफ सख्ती जारी, दो चैन मशीनें जब्त कर की गई सीलबंद

जांजगीर-चांपा। जिले में अवैध रेत उत्खनन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन का अभियान लगातार जारी है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर खनिज, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए ग्राम आमोदी (खपरीडीह) में अवैध रूप से भंडारित रेत को हटाया। इस दौरान करीब 100 ट्रैक्टर रेत वापस नदी में डलवाई गई।

खनिज विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पीथमपुर-भादा क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन की शिकायत मिलने पर खनिज, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर जांच की।

जांच के दौरान ग्राम भादा में नियमों के विपरीत चैन माउंट मशीन के माध्यम से रेत खनन किया जाना पाया गया। इसके बाद मौके पर कार्रवाई करते हुए एक चैन मशीन को जब्त कर सीलबंद कर दिया गया।

संयुक्त टीम ने ग्राम देवरहा में भी अवैध रेत उत्खनन की जांच की। यहां भी रेत खनन में उपयोग की जा रही एक अन्य चैन मशीन को जब्त कर सीलबंद करने की कार्रवाई की गई।

प्रशासन ने बताया कि दर्ज प्रकरणों की जांच छत्तीसगढ़ गौण खनिज साधारण रेत उत्खनन एवं व्यवसाय नियम 2025 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 के प्रावधानों के तहत की जा रही है। जांच के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध रेत उत्खनन और भंडारण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button