पंचकुण्डीय श्री लक्ष्मी- नारायण महायज्ञ में सम्मिलित हुए राजेश्री महन्त जी

जांजगीर चाम्पा। महामंडलेश्वर राजेश्री महन्त रामसुन्दर दास जी महाराज पूर्व अध्यक्ष छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग जांजगीर चांपा जिले के नवागढ़ विकासखंड अंतर्गत स्थित ग्राम हीरागढ़ (टुरी) में आयोजित पंचकुंडी श्री लक्ष्मी-नारायण महायज्ञ में सम्मिलित हुए। यज्ञ स्थल पर पहुंचने पर आचार्य अंकित रामानुजाचार्य जी महाराज, उनके सहयोगियों एवं ग्राम वासियों ने हरि नाम संकीर्तन करते हुए राजेश्री महन्त जी महाराज का स्वागत किया। यज्ञ स्थल पर पहुंच कर उन्होंने परिक्रमा की तथा श्री यंत्र का महा अभिषेक आचार्यों की उपस्थिति में संपन्न हुआ। उन्होंने उपस्थित श्रोता समूह को संबोधित करते हुए कहा कि- इस यज्ञ के संपन्न कराने वाले आचार्य जी इसी गांव में जन्म लेकर पले -बढ़े हैं, यहीं उनकी स्कूली शिक्षा पूर्ण हुई है, बाद में अयोध्या पहुंचकर दीक्षित होकर अपने ही जन्मभूमि में विगत तीन वर्षों से श्री लक्ष्मी -नारायण महायज्ञ को संपन्न करा रहे हैं। शास्त्रों में कहा भी गया है की जननी और जन्मभूमि स्वर्ग से भी बढ़कर है ये अपनी मातृ भूमि का कर्ज चुकाने का कार्य कर रहे हैं। यह हम सभी का तथा इस ग्राम के निवासियों का सौभाग्य है कि यहां इतना बड़ा आध्यात्मिक आयोजन हुआ है, ये चाहते तो इस यज्ञ का आयोजन किसी बड़े शहर या स्थान पर कर सकते थे किंतु इन्होंने इसी गांव को चुना यह सराहनीय है। आप सभी पर भगवान श्री लक्ष्मी -नारायण जी की कृपा बनी रहे,सभी सानंद, निरोगी और सुखी रहें ऐसी कामनाएं भगवान से करता हूं। इस अवसर पर विशेष रूप से कमलेश सिंह, बुधराम कश्यप, नवागढ़ के तहसीलदार, मीडिया प्रभारी निर्मल दास वैष्णव, प्रणय सिंह सहित अनेक प्रतिष्ठित नगरीक गण उपस्थित थे।




