राहुल गांधी के बयान को मुख्यमंत्री साय ने बताया दुर्भाग्यपूर्ण, कहा- जनता नहीं करेगी स्वीकार

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को लेकर दिए गए बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे कांग्रेस की हताशा और राजनीतिक दिवालियापन का प्रतीक बताया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह जैसे संवैधानिक पदों पर बैठे नेताओं के खिलाफ “गद्दार” जैसे शब्दों का प्रयोग अत्यंत अशोभनीय और निंदनीय है। उन्होंने कहा कि यह बयान कांग्रेस की संकुचित मानसिकता और सत्ता से लंबे समय तक दूर रहने की निराशा को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि देश के नेतृत्व ने आतंकवाद और नक्सलवाद जैसी गंभीर चुनौतियों का मजबूती से सामना करते हुए भारत की सुरक्षा व्यवस्था को सशक्त बनाया है तथा विश्व मंच पर देश की प्रतिष्ठा बढ़ाई है। ऐसे लोकतांत्रिक रूप से चुने गए नेतृत्व के खिलाफ इस प्रकार की टिप्पणी 140 करोड़ देशवासियों की भावनाओं का अपमान है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री जैसे संवैधानिक पदों की गरिमा राष्ट्र की गरिमा से जुड़ी होती है। राजनीतिक विरोध के नाम पर अपमानजनक और अतिवादी भाषा का प्रयोग लोकतंत्र की परंपराओं के विपरीत है और इससे राजनीतिक परिपक्वता पर भी सवाल उठते हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का यह गैर-जिम्मेदाराना और लोकतंत्र विरोधी आचरण देश की जागरूक जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी।




