Chhattisgarhबिलासपुर

बिलासपुर स्टेशन पर यात्रियों का भारी हंगामा: समर स्पेशल ट्रेन में 8 घंटे तक ‘उबलते’ रहे लोग, लिखित आश्वासन के बाद शांत हुआ विवाद

बिलासपुर। भीषण गर्मी के बीच रेलवे की लापरवाही यात्रियों पर भारी पड़ रही है। गोंदिया से रक्सौल जा रही समर स्पेशल ट्रेन के दो एसी कोच (B1 और B2) में कूलिंग फेल होने के कारण यात्रियों ने रविवार को बिलासपुर स्टेशन पर जमकर बवाल काटा। यात्रियों ने न केवल प्लेटफॉर्म पर नारेबाजी की, बल्कि ट्रेन चलने पर चेन पुलिंग कर उसे रोक दिया। रेलवे अधिकारियों द्वारा लिखित आश्वासन और साथ में दो मैकेनिक भेजने के बाद ही, करीब 2 घंटे की देरी से ट्रेन रवाना हो सकी।

8 घंटे का सफर और ‘नो कूलिंग’
सुबह 6:30 बजे गोंदिया से रवाना हुई इस ट्रेन में सफर शुरू होते ही एसी ने काम करना बंद कर दिया था। यात्रियों ने डोंगरगढ़, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर और भाटापारा स्टेशनों पर बार-बार शिकायत की, लेकिन हर बार उन्हें ‘अगले स्टेशन पर ठीक हो जाएगा’ का झुनझुना थमाया गया। दोपहर 2:40 बजे जब ट्रेन बिलासपुर पहुंची, तो यात्रियों का सब्र टूट गया।

जांच में खुली पोल: डिस्चार्ज थी बैटरी
हंगामे के बाद जब मैकेनिकल स्टाफ ने कोच की जांच की, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। एसी कोच की बैटरी चार्ज ही नहीं थी, जिसकी वजह से सिस्टम काम नहीं कर रहा था। यात्रियों का आरोप है कि मेंटेनेंस के नाम पर खानापूर्ति की जा रही है। मौके पर डायरेक्ट करंट देकर बैटरी चार्ज की गई और कूलिंग शुरू की गई।

मुख्य बिंदु:
हंगामे की वजह: B1 और B2 कोच में कूलिंग और पानी की भारी किल्लत।
रेलवे की कार्रवाई: यात्रियों के दबाव में दो मैकेनिकों को ट्रेन में रक्सौल तक के लिए तैनात किया गया।
ट्रेन की स्थिति: बिलासपुर में 2 घंटे खड़े रहने के कारण ट्रेन कुल 5 घंटे की देरी से चल रही है।
निजीकरण पर सवाल: जानकारों का कहना है कि कोच मेंटेनेंस का काम निजी ठेकेदारों को देने के कारण इस तरह की लापरवाही सामने आ रही है।

दूरंतो एक्सप्रेस में भी आई तकनीकी खराबी
इसी दौरान पुणे-हावड़ा दूरंतो एक्सप्रेस के एक एसी कोच में भी कूलिंग कम होने की शिकायत मिली। हालांकि, बिलासपुर स्टेशन पर सतर्क रेल अमले ने 10 मिनट के भीतर तकनीकी खामी को दूर कर दिया, जिससे बड़ा हंगामा होने से बच गया।

Related Articles

Back to top button