घर में घुसकर महिला से मारपीट, नैला पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल

जांजगीर-चांपा। चौकी नैला क्षेत्र में घर के अंदर घुसकर गाली-गलौच व मारपीट करने के मामले में नैला पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए आरोपी के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी श्यामकार्तिक पटेल उर्फ ठिरीं पटेल (35 वर्ष), निवासी ग्राम हाथीटिकरा, चौकी नैला, जिला जांजगीर-चांपा जिला के विरुद्ध अपराध क्रमांक 157/26 दर्ज किया गया है। आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता (बी.एन.एस.) की धारा 333, 296, 351(3) एवं 115(2) के तहत कार्रवाई की गई है। घटना दिनांक 25 फरवरी 2026 की रात करीब 9:30 बजे की है, जब आरोपी पीड़िता के घर के दरवाजे को लात मारते हुए गाली-गलौच कर रहा था। पीड़िता द्वारा मना करने पर आरोपी जबरन घर के भीतर घुस गया और गाली-गलौच करते हुए मारपीट कर मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही चौकी नैला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके सकुनत से पकड़ लिया। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक भवानी सिंह चौहान (चौकी प्रभारी नैला), आरक्षक संतोष प्रधान, राजू साहू एवं अन्य स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




