शिवरीनारायण: चौपाटी में पुलिस ने चलाया जनजागरूकता अभियान, साइबर सुरक्षा और महिला सुरक्षा की दी जानकारी

सामुदायिक पुलिसिंग के तहत आयोजित कार्यक्रम में साइबर ठगी से बचाव, महिला सुरक्षा और अप्रवासी भारतीयों (NRI) से जुड़े विषयों पर नागरिकों को किया गया जागरूक।
🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर चाम्पा
जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र स्थित चौपाटी परिसर में सामुदायिक पुलिसिंग के तहत जनजागरूकता अभियान आयोजित किया गया। इस दौरान आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव, महिला सुरक्षा तथा अप्रवासी भारतीयों (NRI) से जुड़े विषयों पर महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
साइबर ठगी से बचने की अपील
कार्यक्रम में डीएसपी (अजाक) श्रीमती सतरूपा तारम की उपस्थिति में पीएसआई रितेश परमार ने नागरिकों को साइबर ठगी के लगातार बदलते तरीकों से सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी भी अज्ञात कॉल, संदिग्ध लिंक, ओटीपी या बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। उन्होंने बताया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाता है, तो वह तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल कर निकटतम थाना में सूचना दें, ताकि समय पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा सके।
NRI विषयों पर भी दी गई जानकारी
कार्यक्रम में अप्रवासी भारतीयों (NRI) से जुड़े विषयों पर भी जानकारी साझा की गई। नागरिकों से अपील की गई कि यदि किसी अप्रवासी भारतीय से संबंधित कोई संदिग्ध जानकारी मिले या किसी प्रकार की सहायता की आवश्यकता हो, तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित टोल-फ्री हेल्पलाइन अथवा निकटतम पुलिस को दें।
महिला सुरक्षा पर किया जागरूक
अभियान के दौरान महिलाओं एवं युवतियों को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा किसी भी प्रकार की घटना होने पर तत्काल पुलिस से संपर्क करने के लिए भी जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में पीएसआई कविता एवं महिला आरक्षक दिव्या सिंह भी उपस्थित रहीं।





