क्राइमजाँजगीर -चाँपा

चांपा में पोस्ट ऑफिस एजेंट गिरफ्तार: RD खाते में जमा करने के नाम पर 1 करोड़ से अधिक की ठगी, 150 खाताधारक हुए शिकार

शेयर ट्रेडिंग के चक्कर में डूबा दिए करोड़ों रुपये; SP विजय पाण्डेय के निर्देशन में चांपा पुलिस की बड़ी कार्रवाई

जांजगीर-चांपा। चांपा थाना क्षेत्र अंतर्गत पोस्ट ऑफिस में आरडी (RD) खाता खुलवाकर राशि जमा करने के नाम पर करीब 150 खाताधारकों से 1 करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी एजेंट को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन में चांपा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी के पास से 3 मोबाइल, बैंक पासबुक और चेकबुक जब्त किए गए हैं।

3 हजार रुपये मासिक जमा में गबन का मामला

मामले का खुलासा तब हुआ जब प्रार्थी हेमंत कुमार देवांगन (निवासी चांपा) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। प्रार्थी के अनुसार आरोपी कृष्णकांत गुप्ता उर्फ कांतु और उसकी मां लक्ष्मी गुप्ता पोस्ट ऑफिस चांपा में एजेंट के रूप में कार्यरत हैं। अधिक लाभ का झांसा देकर प्रार्थी से 1 सितंबर 2022 से 12 फरवरी 2026 के बीच कुल ₹1,21,200 जमा करने के लिए लिए गए, जिसकी एंट्री डायरी में की जाती थी। बाद में जब प्रार्थी ने पोस्ट ऑफिस जाकर पता किया, तो खाते में केवल ₹21,000 ही जमा पाए गए, जबकि ₹1,00,200 की राशि गबन कर ली गई थी।

पूछताछ में खुला 150 खाताधारकों से ठगी का राज

प्रार्थी की शिकायत पर चांपा थाने में अपराध क्रमांक 430/2026, धारा 316(5), 318(3), 3(5) बीएनएस (BNS) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी कृष्णकांत गुप्ता उर्फ कांतु (उम्र 39 वर्ष) को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने प्रार्थी की रकम के अलावा पोस्ट ऑफिस के लगभग 150 अन्य खाताधारकों की 1 करोड़ रुपये से अधिक की राशि भी पोस्ट ऑफिस में जमा न कर गबन की है।

ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग ऐप में लगा दिए पैसे

कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने गबन की गई करोड़ों की राशि को ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग ऐप के जरिए अलग-अलग कंपनियों में निवेश कर दिया था। पुलिस ने आरोपी के पास से 3 मोबाइल हैंडसेट, बैंक पासबुक और चेकबुक जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

इस कार्रवाई में इनकी रही मुख्य भूमिका

करोड़ों के इस फर्जीवाड़े का पर्दाफाश करने में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव, उप निरीक्षक भवानी सिंह चौहान, सउनि भुवनेश्वर राठौर, प्रशिक्षु उप निरीक्षक रूकसाना बानो, आरक्षक ईश्वरी राठौर, मुद्रिका दुबे तथा चांपा थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button