छत्तीसगढ़जाँजगीर -चाँपा

प्रगतिशील छत्तीसगढ़ 2026 उन्नति की ओर एक पहल: तीन दिवसीय भव्य प्रदर्शनी का शुभारंभ

शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और नवाचारों की एक छत के नीचे जानकारी

प्रदर्शनी से आमजन को योजनाओं का सीधा लाभ लेने का अवसर – सांसद

mp5358673640684827093

जांजगीर-चांपा। पुलिस परेड ग्राउंड, खोखरा में 19 से 21 फरवरी तक आयोजित तीन दिवसीय ‘प्रगतिशील छत्तीसगढ़ 2026 – उन्नति की ओर एक पहल’ भव्य प्रदर्शनी का शुभारंभ जांजगीर-चांपा लोकसभा क्षेत्र की सांसद कमलेश जांगड़े ने किया। प्रदर्शनी के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों तथा नवाचारों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जा रही है।
शुभारंभ अवसर पर सांसद सहित उपस्थित अतिथियों ने विभिन्न विभागीय स्टॉलों का भ्रमण कर प्रदर्शित योजनाओं और नवाचारों की जानकारी ली। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रेखा देवा गढ़ेवाल, नगर पालिका परिषद जांजगीर-नैला के उपाध्यक्ष श्री मोहन यादव, पूर्व विधायक श्री चुन्नीलाल साहू, कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक श्री विजय पांडेय सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद श्रीमती जांगड़े ने कहा कि जांजगीर “कोसा-कांसा-कंचन की नगरी” के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। जिले के किसान नवाचारों को अपनाकर कम लागत में बेहतर उत्पादन कर रहे हैं, जिससे उनकी आमदनी में वृद्धि हो रही है। उन्होंने कहा कि इस प्रदर्शनी का उद्देश्य शासन की योजनाओं और नवाचारों को जन-जन तक पहुंचाना है, ताकि पात्र हितग्राही उनका सीधा लाभ उठा सकें। उन्होंने नागरिकों से प्रदर्शनी में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया।
प्रदर्शनी में कृषि एवं बागवानी, हस्तकला एवं हस्तशिल्प, वाणिज्य एवं व्यापार, कृषि एवं पशुपालन, अंतरिक्ष विज्ञान एवं परमाणु ऊर्जा, आधारभूत संरचना एवं औद्योगिक विकास, आवास एवं शहरी विकास, रक्षा अनुसंधान, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, वित्त, बैंकिंग एवं बीमा तथा स्वास्थ्य एवं कल्याण से जुड़े स्टॉल आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित नवाचारों और योजनाओं का भी प्रदर्शन किया जा रहा है।
प्रदर्शनी स्थल पर आधार सेवा केंद्र की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, जहां नागरिकों को आधार से संबंधित सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा महिलाओं की गोदभराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसे लोगों की सराहना मिली।

wp image3155257028435832688
mp23610236267884754349

Related Articles

Back to top button