Chhattisgarhजाँजगीर -चाँपा

विधायक ब्यास कश्यप के प्रयासों से पोड़ी और पचेड़ा में नवीन धान उपार्जन केंद्र स्वीकृत

नवागढ़ विकासखंड के किसानों को मिलेगी बड़ी राहत; धान बेचने के लिए कम होगी दूरी, परिवहन व अतिरिक्त खर्च से बचेगा समय

जांजगीर-चांपा। 01 सितंबर 2026। किसानों की सुविधा और उनकी लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए जांजगीर-चांपा विधायक ब्यास कश्यप की विशेष पहल पर नवागढ़ विकासखंड के ग्राम पोड़ी एवं पचेड़ा में नवीन धान उपार्जन केंद्र की स्वीकृति प्राप्त हुई है। नए उपार्जन केंद्रों की मंजूरी मिलने से क्षेत्र के किसानों को अपनी धान की फसल बेचने के लिए दूर-दराज के केंद्रों तक जाने की परेशानी से बड़ी राहत मिलेगी।

परिवहन खर्च और समय की होगी बचत

धान खरीदी सत्र के दौरान स्थानीय किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए दूर स्थित केंद्रों तक जाना पड़ता था, जिससे उन्हें भारी परिवहन खर्च, समय की बर्बादी और कई प्रकार की समस्याओं का सामना करना पड़ता था। पोड़ी और पचेड़ा में नए धान उपार्जन केंद्र शुरू होने से आसपास के गांवों के किसानों को अपने गांव के नजदीक ही धान बेचने की सुलभ सुविधा मिलेगी। इससे खरीदी केंद्रों में लगने वाली भीड़ नियंत्रित होगी और धान खरीदी व्यवस्था अधिक सुगम व व्यवस्थित बनेगी।

किसानों के हित में निरंतर जारी रहेगी पहल: विधायक ब्यास कश्यप

विधायक ब्यास कश्यप ने किसानों की मांग को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शासन स्तर पर दोनों गांवों में नवीन धान उपार्जन केंद्र स्वीकृत कराने के लिए लगातार प्रयास किए। इस उपलब्धि पर विधायक ब्यास कश्यप ने कहा कि अन्नदाताओं की सुविधा और कृषि क्षेत्र का समग्र विकास उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। क्षेत्र के किसी भी किसान को धान बेचने में अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े, इसके लिए आगे भी आवश्यक पहल जारी रहेगी।

क्षेत्रीय किसानों ने जताया आभार

पोड़ी और पचेड़ा में नवीन धान खरीदी केंद्र की स्वीकृति मिलने पर क्षेत्रीय किसानों में हर्ष की लहर है। स्थानीय किसानों ने विधायक ब्यास कश्यप के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नए केंद्र खुलने से धान बिक्री के समय होने वाली परेशानियां समाप्त होंगी और समय पर अपनी उपज का विक्रय करना आसान हो जाएगा।

Related Articles

Back to top button